Bhagalpur DTO: भागलपुर DTO ऑफिस में बवाल! ड्राइवर-गार्ड विवाद से कामकाज पर उठे गंभीर सवाल
Bhagalpur DTO: भागलपुर DTO कार्यालय में ड्राइवर और गार्ड के बीच विवाद हो गया। इस दौरान कार्यशैली पर सवाल उठे हैं।
Bhagalpur DTO: भागलपुर जिला परिवहन कार्यालय (DTO) एक बार फिर विवादों को लेकर चर्चा में आ गया, जब कार्यालय परिसर में DTO के ड्राइवर और गार्ड के बीच जमकर तू-तू मैं-मैं हो गई। घटना उस समय हुई जब कुछ लोग अपने निजी कार्य से DTO कार्यालय पहुंचे थे।
चश्मदीदों के अनुसार, कार्यालय पहुंचे लोगों को DTO के ड्राइवर द्वारा गार्ड रूम से आवाज देकर बुलाया गया और उनसे वहीं काम को लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई। बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान गार्ड रूम में ही हिसाब-किताब जैसी चर्चा होने लगी। इसी बीच दूर से मौजूद गार्ड की नजर इस पूरे घटनाक्रम पर पड़ी।
गार्ड ने ड्राइवर से सवाल किया
गार्ड ने मौके पर पहुंचकर वहां मौजूद लोगों से पूछा कि वे गार्ड रूम में क्या कर रहे हैं। इस पर लोगों ने बताया कि उन्हें ड्राइवर द्वारा बुलाया गया है, अन्यथा वे अपने कार्य के लिए सीधे कार्यालय जा रहे थे। इतना सुनते ही गार्ड ने ड्राइवर से सवाल किया कि आखिर पब्लिक को गार्ड रूम में क्यों बुलाया गया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई और देखते ही देखते मामला तीखी नोकझोंक में बदल गया। कार्यालय परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया और वहां मौजूद लोग पूरे घटनाक्रम को देखते रह गए। हालांकि बाद में मामला शांत कराया गया, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर DTO कार्यालय की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
भागलपुर के DTO का विवादों से पुराना संबंध रहा
गौरतलब है कि भागलपुर के DTO जनार्दन प्रसाद 30 अप्रैल को सेवानिवृत्त हो चुके हैं। वहीं यह भी उल्लेखनीय है कि DTO कार्यालय का विवादों से पुराना संबंध रहा है। इससे पहले भी पूर्व जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन और पूर्व जिलाधिकारी प्रणव कुमार द्वारा भ्रष्टाचार एवं दलाली में संलिप्त कई कर्मियों पर कार्रवाई की जा चुकी है। अब देखना यह होगा कि परिवहन विभाग इस ताजा विवाद पर क्या कदम उठाता है और कार्यालय की व्यवस्था को लेकर क्या सुधारात्मक पहल की जाती है।
भागलपुर से बलमुकुंद कुमार की रिपोर्ट