शराबबंदी का सच आया सामने, शराब के नशे में खेत में मिला युवक, अस्पताल में इलाज के दौरान मौत

भागलपुर के कहलगांव में 27 वर्षीय सुभाष कुमार की संदिग्ध मौत। शराब के नशे में खेत में मिला था युवक, मायागंज अस्पताल में तोड़ा दम। पढ़ें पूरी खबर।

Bhagalpur - भागलपुर जिले के कहलगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत लालपुर भादेव गांव में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 27 वर्षीय सुभाष कुमार राम, पिता रामविलास राम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक शराब के नशे में धुत होकर खेत में गिरा पड़ा था, जिसके बाद इलाज के दौरान अस्पताल में उसने दम तोड़ दिया।

दो महीने बाद घर लौटा था युवक 

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, सुभाष कुमार राम लगभग दो महीने बाहर रहने के बाद शनिवार को अपने घर वापस लौटा था। घर पहुँचने से कुछ ही दूरी पहले वह संदिग्ध अवस्था में एक खेत में गिरा मिला। एक स्थानीय बच्चे ने जब उसे बेसुध पड़ा देखा, तो तुरंत इसकी सूचना परिजनों को दी। मौके पर पहुँचे परिजनों ने पाया कि सुभाष पूरी तरह बदहवास था और उसके शरीर से शराब की तेज गंध आ रही थी।

इलाज के दौरान तोड़ा दम 

सुभाष की गंभीर स्थिति को देखते हुए परिजन उसे आनन-फानन में इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने उसे बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन देर रात करीब 1:30 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पारिवारिक कलह और विवाद की कहानी 

घटना की पृष्ठभूमि में पारिवारिक विवाद की बात भी सामने आ रही है। मृतक के साले ने बताया कि उसकी बहन की शादी वर्ष 2019 में सुभाष के साथ हुई थी, लेकिन शादी के महज 15-20 दिन बाद ही वह ससुराल छोड़कर मायके आ गई थी। साले का आरोप है कि उसकी बहन को ससुराल में उचित सम्मान नहीं मिला, जिसके कारण वह अलग रह रही थी।

पुलिस जांच का विषय 

युवक की मौत के बाद अब पुलिस इस मामले की जांच में जुट सकती है कि मौत का मुख्य कारण अत्यधिक शराब का सेवन है या इसके पीछे कोई और बड़ी वजह। शव के पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के सटीक कारणों का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल, लालपुर भादेव गांव में इस घटना को लेकर सन्नाटा पसरा हुआ है।

रिपोर्ट - बालमुकुंद कुमार