जमीन कब्जा करने वाले गिरोह का पुलिस ने किया भंडाफोड़, 8 अपराधी गिरफ्तार; मोबाइल से खुले कई राज

भागलपुर पुलिस ने आनंद मार्ग क्षेत्र में जमीन कब्जा करने पहुंचे एक संगठित गिरोह के 8 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। एसएसपी ने बताया कि अपराधियों ने ऑटो के जरिए हथियार मंगवाए थे।

जमीन कब्जा करनेवाले गिरोह का खुलासा।- फोटो : बाल मुकुंद कुमार

Bhagalpur - : जिले में भू-माफियाओं और जमीन कब्जा करने वाले संगठित गिरोहों के खिलाफ पुलिस ने एक बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक की है। वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) प्रमोद कुमार यादव के निर्देश पर पुलिस ने आनंद मार्ग क्षेत्र में दबिश देकर गिरोह के 8 सक्रिय सदस्यों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद से भू-माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है।

जबरन कब्जे की सूचना पर पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई

जानकारी के अनुसार, 9 अप्रैल 2026 को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आनंद मार्ग इलाके में कुछ अपराधी तत्व हथियारों के बल पर एक कीमती जमीन पर जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने तुरंत एक विशेष टीम का गठन किया। टीम ने बिना वक्त गवाए मौके पर घेराबंदी की और अवैध कब्जे की कोशिश कर रहे 8 लोगों को धर दबोचा।

ऑटो से हथियार और बाइक से पहुंचे थे अपराधी

सीनियर एसपी प्रमोद कुमार यादव ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि इस गिरोह ने बड़े ही शातिर तरीके से प्लानिंग की थी। पुलिस से बचने के लिए उन्होंने हथियारों को ऑटो के जरिए मौके पर भेजा था, क्योंकि शहर में होने वाली सघन चेकिंग के दौरान फोर-व्हीलर या बाइक की तुलना में ऑटो पर संदेह कम होता है। वहीं, गिरोह के सदस्य अलग-अलग मोटरसाइकिलों से निहत्थे होकर पहुंचे थे ताकि पुलिस की नजरों में न आएं।

मोबाइल फोन से मिले जमीन के अहम दस्तावेज

गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने 8 स्मार्टफोन बरामद किए हैं। इन मोबाइल फोनों की शुरुआती जांच में ही पुलिस के हाथ बड़ी कामयाबी लगी है। एसएसपी ने बताया कि आरोपियों के फोन में जमीन के कई महत्वपूर्ण कागजात, नक्शे और विवादित जमीनों की सूची मिली है। इसके अलावा कई डिजिटल सबूत भी मिले हैं जो इस बात की पुष्टि करते हैं कि यह गिरोह लंबे समय से शहर में जमीन कब्जे का सिंडिकेट चला रहा था।

कुख्यात अपराधियों का रहा है पुराना इतिहास

पकड़े गए आरोपियों में से कई का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। मुख्य आरोपी सत्यम कुमार यादव, जो पहले भी कई गंभीर मामलों में वांछित रहा है, उसे एक देसी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने वह कपड़े भी बरामद कर लिए हैं जो अपराधियों ने घटना के समय पहने हुए थे। एसएसपी ने बताया कि पकड़े गए अपराधियों पर पहले से भी लूट और रंगदारी के कई मामले दर्ज हैं।

पुलिस की रडार पर गिरोह के अन्य सदस्य

एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में जमीन से जुड़े अवैध धंधों और सिंडिकेट को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा, "हमारी टीम लगातार छापेमारी कर रही है। इस गिरोह के कुछ सदस्य अभी भी फरार हैं, जिनकी पहचान कर ली गई है। मोबाइल से मिले दस्तावेजों के आधार पर उन सफेदपोश लोगों की भी जांच की जा रही है जो पर्दे के पीछे से इन अपराधियों को शह देते हैं।"

रिपोर्ट: बालमुकुंद कुमार लोकेशन: भागलपुर