Bhagalpur Kanwariya Yatra: भागलपुर के नाथनगर से शिवभक्त देवघर रवाना, अनोखे कांवड़ देखने उमड़ी भीड़

Bhagalpur Kanwariya Yatra: भागलपुर के नाथनगर कांवरिया संघ के करीब 3 हजार शिवभक्त बाबा बैद्यनाथ धाम की पैदल यात्रा पर निकले हैं। 40 तरह के सजे कांवड़ और सुनहरा कांवड़ लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हैं।

Bhagalpur Kanwariya Yatra:  भागलपुर के नाथनगर कांवरिया संघ का करीब 3 हजार शिवभक्तों का जत्था बाबा बैद्यनाथ धाम की पैदल यात्रा पर निकला है। कांवरियों का यह जत्था असरगंज के कच्ची कांवरिया पथ से आगे बढ़ रहा है। रास्ते में कांवरियों की भक्ति और सजे हुए कांवड़ लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।


1916 से चली आ रही है बाबा धाम जाने की परंपरा


नाथनगर कांवरिया संघ के मुताबिक, संघ से जुड़े शिवभक्तों के बाबा बैद्यनाथ धाम जाने की परंपरा साल 1916 से चली आ रही है। इस साल भी बड़ी संख्या में कांवरिये पैदल यात्रा कर बाबा धाम की ओर रवाना हुए हैं। जत्थे में करीब 3 हजार लोग शामिल बताए जा रहे हैं। कांवरियों के बीच बाबा बैद्यनाथ के दर्शन को लेकर काफी उत्साह है। यात्रा के दौरान पूरा रास्ता बोल बम के जयकारों से गूंज रहा है।


40 तरह के कांवड़ से लोगों का ध्यान खींचा


इस बार कांवरियों ने अपने कांवड़ों को अलग-अलग तरीके से सजाया है। जत्थे में करीब 40 तरह के कांवड़ देखने को मिल रहे हैं। इनमें खास तौर पर सुनहरे रंग का कांवड़ लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रहा है। कच्ची कांवरिया पथ से गुजरने वाले राहगीर और स्थानीय लोग भी इन कांवड़ों को देखने के लिए कुछ देर रुक रहे हैं। रंग-बिरंगी सजावट और अलग डिजाइन वाले कांवड़ यात्रा को खास बना रहे हैं।


डीजे की धुन पर झूमते नजर आए शिवभक्त


कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्त पूरे उत्साह के साथ आगे बढ़ रहे हैं। जत्थे में करीब 10 डीजे लगाए गए हैं, जिनकी धुन पर कांवरिये भक्ति गीतों के साथ झूमते और नाचते हुए बाबा धाम की ओर जा रहे हैं। कच्ची कांवरिया पथ पर कांवरियों की भीड़, बोल बम के जयकारे और सजे हुए कांवड़ों से माहौल भक्तिमय बना हुआ है। नाथनगर कांवरिया संघ के इस जत्थे को देखने के लिए रास्ते में स्थानीय लोगों की भी भीड़ जुट रही है।

इम्तियाज की रिपोर्ट