Bihar News : भागलपुर पुलिस ने मादक पदार्थ कारोबार के खिलाफ छेड़ा अभियान, अलग अलग थाना क्षेत्र में की छापेमारी, चार तस्करों को किया गिरफ्तार

BHAGALPUR : वरीय पुलिस अधीक्षक, भागलपुर के निर्देश पर जिले में अवैध शराब, आर्म्स और मादक पदार्थों की बरामदगी को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली, ललमटिया और बायपास थाना क्षेत्र में व्यापक छापेमारी की गई। इस दौरान कुल चार आरोपितों को गिरफ्तार करते हुए भारी मात्रा में स्मैक और ब्राउन शुगर बरामद की गई है।

कोतवाली थाना: 200 ग्राम स्मैक के साथ दो गिरफ्तार

कोतवाली थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर स्टेशन चौक के पास छापेमारी कर दो आरोपितों को 200 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपितों में अभिषेक कुमार (अलीगंज, मोजाहिदपुर) और गौरव कुमार साव (मोहद्दीनगर, बरारी) शामिल हैं। दोनों के पास से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर अन्य संलिप्त लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी है।

ललमटिया थाना: 14.20 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद

ललमटिया थाना क्षेत्र के पासीटोला में छापेमारी के दौरान पुलिस ने फुतरो देवी उर्फ रेनू देवी को 14.20 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया। आरोपित के विरुद्ध पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट एवं अन्य धाराओं में मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसके घर से मादक पदार्थ बरामद कर उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

बायपास थाना: होटल के कमरे से 10.29 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त

बायपास थाना क्षेत्र में तकनीकी सूचना के आधार पर अमरपुर-मनोजपुर रोड स्थित एक होटल के कमरे में छापेमारी कर अमित कुमार को 10.29 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया गया। उसके पास से दो मोबाइल फोन, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और एक चाकू भी बरामद किया गया है।

लगातार जारी रहेगा अभियान

पुलिस अधीक्षक (नगर) एवं संबंधित अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों के नेतृत्व में डीआईयू टीम और स्थानीय थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में यह सफलता मिली है। पुलिस का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और इसमें संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। भागलपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों के कारोबार की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

बालमुकुन्द की रिपोर्ट