भागलपुर निगरानी का शिकंजा: 70 हजार रुपये रिश्वत लेते पकड़ा गया SDM का स्टेनो, कलेक्ट्रेट में हड़कंप

बिहार के भागलपुर में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने एक सटीक जाल बिछाकर बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने एसडीएम कार्यालय में तैनात स्टेनो प्रेम कुमार को 70 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया।

70 हजार रुपये रिश्वत लेते पकड़ा गया SDM का स्टेनो- फोटो : news 4 nation

बिहार के भागलपुर में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने एक सटीक जाल बिछाकर बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने एसडीएम कार्यालय में तैनात स्टेनो प्रेम कुमार को 70 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। निगरानी विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि एक सरकारी काम के एवज में भारी भरकम राशि की मांग की जा रही है, जिसके सत्यापन के बाद यह छापेमारी की गई।

सहयोगी के साथ हुई गिरफ्तारी

इस भ्रष्टाचार के खेल में प्रेम कुमार अकेला नहीं था। निगरानी टीम ने उसके सहयोगी मयंक कुमार को भी मौके से दबोच लिया है। बताया जा रहा है कि मयंक इस घूसखोरी की प्रक्रिया में बिचौलिए या सहायक की भूमिका निभा रहा था। टीम ने न केवल रिश्वत की रकम बरामद की, बल्कि दोनों को हिरासत में लेकर आगे की पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई है।

'सृजन घोटाले' से जुड़ा है पुराना नाता

गिरफ्तार स्टेनो प्रेम कुमार का इतिहास काफी विवादास्पद रहा है। वह पहले जिला अधिकारी (DM) का पीए रह चुका है और बिहार के चर्चित 'सृजन घोटाले' में भी उसका नाम प्रमुखता से सामने आया था। उस मामले में वह जेल की हवा भी खा चुका है। जेल से आने के बाद वर्तमान में वह एसडीएम कार्यालय में स्टेनो के पद पर तैनात था, लेकिन उसकी कार्यप्रणाली में कोई सुधार नहीं दिखा।

प्रशासनिक महकमे में मचा हड़कंप

इस हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारी के बाद भागलपुर कलेक्ट्रेट और संबंधित सरकारी कार्यालयों में हड़कंप का माहौल है। निगरानी विभाग अब इस बात की जांच कर रहा है कि क्या इस घूसकांड के तार विभाग के अन्य बड़े अधिकारियों से भी जुड़े हैं। फिलहाल, दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी गई है।

रिपोर्ट - बालमुकुन्द कुमार , भागलपुर