Vikramshila Setu: गंगा पर फिर से दौड़ेगा ट्रैफिक, विक्रमशिला सेतु पर तेजी से चल रहा मरम्मत कार्य,25 दिन में शुरू होगा आवागमन
Vikramshila Setu: गंगा नदी पर स्थित विक्रमशिला सेतु पर जल्द ही सिंगल लेन में यातायात बहाल किया जाएगा। ...
Vikramshila Setu: भागलपुर के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। गंगा नदी पर स्थित विक्रमशिला सेतु पर जल्द ही सिंगल लेन में यातायात बहाल किया जाएगा। पथ निर्माण विभाग के अनुसार यह कार्य अगले 25 दिनों के भीतर पूरा कर लिया जाएगा, जिससे लाखों लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
बीते 3 मई को इस पुल का एक हिस्सा टूटकर गंगा नदी में समा गया था, जिसके बाद पुल पर पूरी तरह से आवागमन रोक दिया गया था। हादसे से पहले पुल का कुछ हिस्सा धंसने लगा था, जिससे प्रशासन ने समय रहते बड़ा कदम उठाते हुए ट्रैफिक बंद कर दिया था।
अब मरम्मत कार्य को तेज गति से आगे बढ़ाया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, टूटे हुए 34 मीटर हिस्से की मरम्मत का काम 16 मई से शुरू होगा, जिसे 10 दिनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद अगले 15 दिनों में पिलरों पर स्पैन का कार्य पूरा किया जाएगा, जिसके बाद सिंगल लेन यातायात शुरू हो सकेगा।
यह जानकारी पथ निर्माण विभाग के मंत्री को भागलपुर में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान सीमा सड़क संगठन (BRO) के अधिकारियों द्वारा दी गई। मंत्री ने बैठक में स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता नहीं होना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि राज्य के सभी पुलों का हेल्थ कार्ड तैयार किया जाएगा, जिसमें हर पुल की तकनीकी स्थिति और संरचना की पूरी जानकारी होगी। इसके साथ ही बिहार में सड़क नेटवर्क को मजबूत करने के लिए फोरलेन, एक्सप्रेस-वे और फ्लाईओवर परियोजनाओं को तेज किया जा रहा है, ताकि पटना पहुंचने का समय घटाकर साढ़े तीन घंटे किया जा सके।
मंत्री ने बताया कि मरम्मत कार्य की गुणवत्ता की निगरानी आईआईटी के 12 सदस्यीय स्वतंत्र विशेषज्ञ टीम द्वारा भी की जाएगी।
पुल बंद होने से भागलपुर और पूर्वी बिहार के कई जिलों का उत्तर बिहार से संपर्क प्रभावित हुआ है। फिलहाल फेरी सेवा, अतिरिक्त ट्रेनें और वैकल्पिक मार्गों के जरिए आवागमन जारी है, लेकिन लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।