Bihar Talent:बिहार की बेटी का जलवा, इंडियाज़ बेस्ट डांसर के टॉप-30 में गरिमा चौधरी, मुंबई में होगा अगला चरण

Bihar Talent: बिहार की होनहार डांसर गरिमा चौधरी ने अपने हुनर और लगन से एक बार फिर अपने जिले और पूरे बिहार का नाम रौशन कर दिया है। देश के चर्चित डांस रियलिटी शो India’s Best Dancer के नए सीजन में घोषित टॉप-30 प्रतिभागियों में गरिमा का चयन हुआ है।..

बिहार की बेटी का जलवा- फोटो : reporter

Bihar Talent: बिहार की होनहार डांसर गरिमा चौधरी ने अपने हुनर और लगन से एक बार फिर अपने जिले और पूरे बिहार का नाम रौशन कर दिया है।यह पहली बार नहीं है जब गरिमा ने इस बड़े मंच तक अपनी पहुंच बनाई है। इससे पहले वर्ष 2023 में भी वह शो के तीसरे सीजन का हिस्सा रह चुकी हैं। उस दौरान उन्होंने अपने शानदार डांस मूव्स और एक्सप्रेशन से जजों और दर्शकों को खूब प्रभावित किया था। हालांकि उस समय वह फाइनल तक नहीं पहुंच सकीं थीं, लेकिन हार मानने के बजाय उन्होंने अपनी मेहनत और रियाज को और तेज कर दिया। अब दो साल की कड़ी मशक्कत के बाद गरिमा ने फिर से टॉप-30 में जगह बनाकर अपनी काबिलियत का लोहा मनवा दिया है। बता दें गरिमा चौधरी  भागलपुर जिले के नवगछिया की रहने वालीं है।

गरिमा के पिता और डांस गुरु शंकर चौधरी ने बताया कि ऑडिशन राउंड में उनका चयन हो चुका है और अब आगे कोरियोग्राफी तथा सिलेक्शन राउंड के बाद वह टॉप-12 तक पहुंचने की दौड़ में शामिल होंगी। फिलहाल गरिमा 12वीं कक्षा की छात्रा हैं और बोर्ड परीक्षा खत्म होने के बाद मुंबई में होने वाले अगले चरण की प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी।

कम उम्र में ही गरिमा कई मंचों और प्रोजेक्ट्स में अपनी प्रतिभा दिखा चुकी हैं। वह हाल ही में रिलीज हुए पंजाबी गाने “टॉली”, एक वेब सीरीज और कई पंजाबी म्यूजिक एल्बम में बैकग्राउंड डांसर के तौर पर काम कर चुकी हैं। इतना ही नहीं, वह मशहूर गायक Arijit Singh के साथ भी स्टेज परफॉर्मेंस दे चुकी हैं, जो उनके करियर की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

गरिमा के पिता बताते हैं कि उनकी बेटी को बचपन से ही नृत्य का शौक था। घर का माहौल भी कला से जुड़ा रहा है, क्योंकि शंकर चौधरी खुद दिल्ली में डांस कोचिंग सेंटर चलाते हैं। लगातार अभ्यास और अनुशासन ने गरिमा की कला को और निखारा है।

गरिमा के चयन की खबर मिलते ही भागलपुर और नवगछिया के कलाकारों व समाजसेवियों में खुशी की लहर दौड़ गई। कई लोगों ने उम्मीद जताई है कि इस बार गरिमा शो में शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता बनकर अपने जिले और राज्य का नाम देशभर में चमकाएंगी।

रिपोर्ट — अंजनी कुमार कश्यप