इस्माईलपुर PHC में डॉक्टरों का बदला जिम्मा: महिला कर्मियों की शिकायत पर डॉ. राकेश रंजन गोरेडीह स्थानांतरित, डॉ. आफताब संभालेंगे व्यवस्था

महिलाकर्मियों के शिकायत पर भागलपुर सिविल सर्जन ने बड़ा एक्शन लिया है। सिविल सर्जन ने जिले के इस्माईलपुर पीएचसी में तैनात डॉ. राकेश रंजन का तबादला कर दिया है। उनकी जगह अब डॉ. आफताब की पीएचसी में नियुक्ति की गई है....

इस्माईलपुर PHC में डॉक्टरों का बदला जिम्मा- फोटो : बाल मुकुंद कुमार

Bhagalpur : जिले के इस्माईलपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) में चिकित्सकीय एवं प्रशासनिक व्यवस्था को सुचारु बनाने के उद्देश्य से बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। सिविल सर्जन भागलपुर ने डॉक्टरों की प्रतिनियुक्ति में संशोधन का आधिकारिक आदेश जारी किया है। जारी आदेश के अनुसार, पीएचसी इस्माईलपुर में कार्यरत सामान्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राकेश रंजन की प्रतिनियुक्ति तत्काल प्रभाव से पीएचसी गोरेडीह कर दी गई है।


महिला कर्मियों की शिकायतों के बाद हुआ स्थानांतरण 

सिविल सर्जन द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि इस्माईलपुर पीएचसी में तैनात महिला स्वास्थ्य कर्मियों की ओर से आ रही शिकायतों की पुनरावृत्ति को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। अस्पताल परिसर में कार्य का सहज संचालन सुनिश्चित करने और कर्मचारियों के लिए स्वस्थ व सुरक्षित वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से विभागीय अनुमोदन की प्रत्याशा में यह स्थानांतरण किया गया है।


डॉ. मोहम्मद आफताब संभालेंगे इस्माईलपुर की कमान 

दूसरी ओर, इस्माईलपुर पीएचसी में चिकित्सकों की कमी और मरीजों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए नई व्यवस्था की गई है। अस्पताल की सामान्य चिकित्सकीय एवं आपातकालीन (Emergency) सेवाओं को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए डॉ. मोहम्मद आफताब को जिम्मेदारी सौंपी गई है। डॉ. आफताब (मूल पदस्थापन पीएचसी नवगछिया, सम्प्रति प्रतिनियुक्त पीएचसी गोरेडीह) की गोरेडीह से प्रतिनियुक्ति समाप्त करते हुए उन्हें पीएचसी इश्माइलपुर में प्रतिनियुक्त किया गया है।


तत्काल योगदान देने और पूर्व आदेश रद्द करने के निर्देश 

जारी पत्र में दोनों चिकित्सकों को निर्देशित किया गया है कि वे आदेश प्राप्त होते ही अविलंब अपने-अपने नव-प्रतिनियुक्त स्वास्थ्य केंद्रों पर योगदान देना सुनिश्चित करें। इसके साथ ही उन्हें संबंधित प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के दिशा-निर्देशों के तहत कार्य प्रारंभ करने को कहा गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस संबंध में पूर्व में जारी किए गए सभी संबंधित आदेशों को स्वतः विलोपित माना जाएगा।


स्वास्थ्य सेवाओं के सुचारु संचालन पर जोर 

सिविल सर्जन कार्यालय की ओर से इस आदेश की प्रतियां संबंधित क्षेत्रीय पदाधिकारियों एवं विभागाध्यक्षों को आवश्यक कार्रवाई हेतु भेज दी गई हैं। जिला प्रशासन को उम्मीद है कि इस फेरबदल से इस्माईलपुर क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाओं का निर्बाध संचालन संभव हो सकेगा और अस्पताल का आंतरिक वातावरण भी बेहतर होगा।


बालमुकुंद की रिपोर्ट