Bihar News : भागलपुर पहुंचे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विक्रमशिला सेतु पर बेली ब्रिज का किया निरीक्षण, विकास योजनाओं और श्रावणी मेले की तैयारियों की किया समीक्षा

Bihar News : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी रविवार दोपहर 1:57 बजे भागलपुर पहुंचे। हवाई अड्डा पर सांसदों, जनप्रतिनिधियों और एनडीए कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया....पढ़िए आगे

भागलपुर पहुंचे मुख्यमंत्री - फोटो : ANJANI

BHAGALPUR : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी रविवार दोपहर 1:57 बजे भागलपुर पहुंचे। स्थानीय हवाई अड्डे पर उनके उतरते ही सांसदों, जनप्रतिनिधियों और एनडीए कार्यकर्ताओं ने उनका फूलों के गुलदस्ते और नारों के साथ जोरदार स्वागत किया। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा गया।

विक्रमशिला सेतु और बेली ब्रिज का बारीकी से निरीक्षण

हवाई अड्डे से निकलने के तुरंत बाद मुख्यमंत्री का काफिला सीधे विक्रमशिला सेतु पहुंचा। वहां उन्होंने हाल ही में निर्मित बेली ब्रिज का सघन निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने पुल की संरचना, निर्माण कार्य की प्रगति और इस पर होने वाली यातायात व्यवस्था की विस्तृत जानकारी संबंधित अधिकारियों से ली।

अधिकारियों को दिशा-निर्देश और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने पुल पर आवागमन की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को यातायात को सुगम बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। करीब 2:26 बजे उनका काफिला वहां से रवाना हुआ। मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर पूरे शहर में सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए गए थे और सभी प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल अलर्ट मोड में तैनात रहा।

विकास योजनाओं की सौगात और श्रावणी मेले की समीक्षा

विक्रमशिला सेतु से प्रस्थान करने के बाद मुख्यमंत्री सीधे समाहरणालय पहुंचे। यहाँ उन्होंने जिले के लिए करोड़ों रुपये की विभिन्न महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इसके साथ ही, आगामी विश्वप्रसिद्ध श्रावणी मेला की तैयारियों को लेकर वे प्रशासनिक अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की।

क्षेत्र के विकास और बुनियादी ढांचे को मिलेगी मजबूती

मुख्यमंत्री के इस भागलपुर दौरे को क्षेत्र के समग्र विकास, आधारभूत संरचना (इन्फ्रास्ट्रक्चर) और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को मजबूती देने की दिशा में एक बेहद अहम कदम माना जा रहा है। बेली ब्रिज के शुरू होने और नई योजनाओं के शिलान्यास से स्थानीय जनता को आने वाले समय में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

अंजनी कश्यप की रिपोर्ट