Bihar News:सीएम बनने के बाद सम्राट का पहला भागलपुर दौरा आज, चप्पे-चप्पे पर खाकी का पहरा, रेड जोन में तब्दील हुई सिल्क सिटी

नए सीएम के स्वागत और उनकी जेड प्लस सुरक्षा को लेकर भागलपुर जिला प्रशासन और पुलिस महकमे ने ऐसी घेराबंदी की है कि परिंदा भी पर नहीं मार सकता।

मुख्यमंत्री के भागलपुर दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट- फोटो : reporter

Bihar News: बिहार के नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज यानी रविवार को अपने पहले आधिकारिक और ऐतिहासिक दौरे पर सिल्क सिटी भागलपुर की सरजमीं पर कदम रख रहे हैं। मुख्यमंत्री की इस आमद को लेकर पूरे सूबे की सियासत का रुख भागलपुर की तरफ मुड़ गया है। नए सीएम के स्वागत और उनकी जेड प्लस सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस महकमे ने ऐसी घेराबंदी की है कि परिंदा भी पर नहीं मार सकता।

प्रशासन ने आदेश जारी कर पूरे कार्यक्रम स्थल और उसके आस-पास के इलाके को 24 घंटे के लिए अस्थायी रेड जोन और नो-ड्रोन फ्लाई जोन में तब्दील कर दिया है। इस दौरान आसमान से लेकर जमीन तक प्रशासन की तीसरी आंख का कड़ा पहरा रहेगा।

मुख्यमंत्री पद की कमान संभालने के बाद सम्राट चौधरी का यह पहला भागलपुर दौरा है, जिसके सियासी और प्रशासनिक मायने बेहद खास हैं। राजकीय विमान से हवाई अड्डे पर उतरते ही मुख्यमंत्री का काफिला सबसे पहले विक्रमशिला सेतु के उस जर्जर हिस्से पर पहुंचेगा, जहां बेली ब्रिज का निर्माण कार्य चल रहा है। मुख्यमंत्री खुद इस काम का मुआयना करेंगे और सुस्त पड़े इंजीनियरों को जरूरी हिदायत देंगे।

इसके बाद समाहरणालय परिसर में विकास योजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास का जलसा होगा। सबसे अहम बैठक समीक्षा भवन में होने वाली है, जहां मुख्यमंत्री श्रावणी मेला-2026 की तैयारियों का एक्स-रे करेंगे। कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सेहत, साफ-सफाई और शुद्ध पेयजल को लेकर आला अफसरों के साथ इस बैठक में सीधे जवाब-तलब किया जाएगा।

 मुख्यमंत्री की सुरक्षा में कोई कसर न रह जाए, इसके लिए सुरक्षा का ऐसा खाका खींचा गया है कि बिना एंटी-सबोटेज जांच के किसी भी रसूखदार को भी अंदर जाने की इजाजत नहीं होगी। आग्नेयास्त्र, बैग, झोला और यहाँ तक कि छाता ले जाने पर भी पूरी तरह पाबंदी (बैन) लगा दी गई है। वर्दीधारी पुलिस के जवानों के साथ-साथ भारी तादाद में सादे लिबास में भी खुफिया तंत्र के जांबाज मुस्तैद रहेंगे।

ट्रैफिक पुलिस के  संजय कुमार के मुताबिक, मुख्यमंत्री का कारकेड जब हवाई अड्डे से तिलकामांझी और मनाली चौक होते हुए गुजरेगा, तो सुरक्षा के लिहाज से आम ट्रैफिक को महज 20 से 25 मिनट के लिए रोका जाएगा। शहर में भारी वाहनों के दाखिल होने पर अस्थायी रोक लगा दी गई है।

प्रेस और मीडिया के लिए अलग दीर्घा मुकर्रर की गई है, जहां सिर्फ वैध पास वालों को ही एंट्री मिलेगी। किसी भी आपातकालीन सूरत  से निपटने के लिए डॉक्टरों की फौज, विशेष एंबुलेंस और शहर के तमाम बड़े अस्पतालों को हाई अलर्ट मोड पर रखा गया है। देखना दिलचस्प होगा कि मुख्यमंत्री के इस पहले दौरे से भागलपुर के विकास की गाड़ी कितनी रफ्तार पकड़ती है!

रिपोर्ट - अंजनी कुमार कश्यप