Bihar News : नवगछिया नाव हादसे को लेकर DM का बड़ा एक्शन, ठेकेदारों पर FIR के दिए आदेश, फ्लड फाइटिंग में नाव पर लगाई रोक

Bihar News : नवगछिया के राघोपुर में फ्लड फाइटिंग के दौरान मजदूरों से भरी नाव पलटने के मामले में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।डीएम ने.......

डीएम ने दिया आदेश - फोटो : BALMUKUND

Bhagalpur : जिले के नवगछिया स्थित राघोपुर में फ्लड फाइटिंग के दौरान मजदूरों से भरी नाव पलटने के मामले में जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। इस हादसे में कुल 21 लोग सवार थे, जिनमें से 19 लोगों को एसडीआरएफ (SDRF) की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, सिकंदर मंडल और बादल मंडल नाम के दो मजदूर अभी भी लापता हैं, जिनकी तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही भागलपुर की जिलाधिकारी (DM) अलंकृता पांडे ने खुद मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। डीएम ने सुरक्षा मानकों की अनदेखी और गंभीर लापरवाही को देखते हुए जल संसाधन विभाग को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कार्य में लगे संबंधित ठेकेदारों और वेंडर्स के खिलाफ आपराधिक मुकदमा (FIR) दर्ज करने का आदेश जारी किया है, ताकि जिम्मेदार लोगों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा सके।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि फ्लड फाइटिंग के काम में लगे सभी मजदूरों को लाइफ जैकेट उपलब्ध कराने और अनिवार्य रूप से पहनाने के पूर्व निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन कराने में भारी चूक हुई, जिसके कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ। प्रशासन ने इस लापरवाही को अक्षम्य मानते हुए विभागीय स्तर पर भी जवाबदेही तय करने की बात कही है।

हादसे के बाद प्रशासन ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से एक बड़ा फैसला लेते हुए फ्लड फाइटिंग के दौरान नावों के इस्तेमाल पर पूरी तरह से रोक लगा दी है। अब कटाव प्रभावित स्थलों तक जियो बैग्स (Geo Bags) पहुंचाने के लिए केवल ट्रैक्टरों का ही उपयोग किया जाएगा। इसके साथ ही कार्यस्थल पर सुरक्षा के सभी जरूरी इंतजामों को सख्ती से लागू करने का निर्देश दिया गया है।

प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि 18 वर्ष से कम उम्र के किसी भी बाल श्रमिक को इस तरह के जोखिम भरे काम में नहीं लगाया जाएगा। उधर, लापता दोनों मजदूरों की तलाश के लिए SDRF की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। गंगा नदी का जलस्तर खतरे के निशान के ऊपर होने के कारण अभियंताओं को सुरक्षा मानकों का ध्यान रखते हुए कटावरोधी काम जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश दिया गया है।

बालमुकुन्द की रिपोर्ट