Bihar News : गंगा कटाव की मार के बीच रानीदियारा के चार खिलाड़ियों ने दिखाए कमाल, नेशनल ड्रैगन बोट चैंपियनशिप में बिहार को दिलाए दो सिल्वर मेडल

गंगा कटाव जैसी गंभीर समस्या और संघर्षों का सामना करने वाले रानीदियारा गांव के चार प्रतिभावान खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर पूरे बिहार का मान बढ़ाया है।

बिहार के खिलाडियों का कमाल - फोटो : BALMUKUND

BHAGALPUR : गंगा कटाव की मार झेल रहे रानीदियारा गांव के चार खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर बिहार का मान बढ़ाया है। दिल्ली की भलस्वा झील में आयोजित 13वीं राष्ट्रीय ड्रैगन बोट चैंपियनशिप में बिहार की टीम ने मिक्स्ड 200 मीटर और 500 मीटर स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इस उपलब्धि में रानीदियारा से जुड़े चार खिलाड़ियों की अहम भागीदारी रही।

इन खिलाडियों का रहा जलवा 

प्रतियोगिता में श्यामलाल मंडल, रोहित कुमार, सुशील मंडल और प्रीतम कुमार कापरी ने अपनी मेहनत, लगन, टीम भावना और शानदार तालमेल से बेहतरीन प्रदर्शन किया। इनमें रोहित कुमार वर्तमान में कुर्मीचक में रहते हैं, जबकि सुशील मंडल चांदनी चौक और प्रीतम कुमार कापरी बरोहिया में रहते हैं। 

उत्साह का माहौल 

गंगा कटाव जैसी गंभीर समस्या से प्रभावित क्षेत्र से निकलकर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करना इन खिलाड़ियों की मेहनत और खेल के प्रति समर्पण को दर्शाता है। चारों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से रानीदियारा समेत आसपास के इलाकों में खुशी और उत्साह का माहौल है।

ग्रामीण प्रतिभाओं के लिए बने प्रेरणा

चारों खिलाड़ियों की सफलता से स्थानीय युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की नई प्रेरणा मिलेगी। उनकी उपलब्धि ने यह साबित किया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत है तो केवल उचित प्रशिक्षण, बेहतर मार्गदर्शन और आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर की। राष्ट्रीय स्तर पर बिहार के लिए दो रजत पदक जीतने में योगदान देने वाले इन खिलाड़ियों की उपलब्धि क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उम्मीद है कि उनकी सफलता से ग्रामीण इलाकों में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलेगा और अन्य युवा भी खेल के माध्यम से अपनी पहचान बनाने के लिए प्रेरित होंगे।

बालमुकुन्द की रिपोर्ट