Bihar Flood: गंगा के रौद्र रूप से 250 मीटर बांध कटा, रात में पहुंचीं DM, युद्धस्तर पर बचाव अभियान जारी
Bihar Flood:गंगा के भीषण कटाव के बाद इलाके में संभावित खतरे को देखते हुए प्रशासन और जल संसाधन विभाग ने पूरी ताकत झोंक दी है।...
Bihar Flood: भागलपुर के राघोपुर में गंगा ने ऐसा रौद्र रूप दिखाया कि बांध का करीब 250 मीटर हिस्सा तेज धारा की भेंट चढ़ गया। भीषण कटाव के बाद इलाके में संभावित खतरे को देखते हुए प्रशासन और जल संसाधन विभाग ने पूरी ताकत झोंक दी है। हालात की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि जिलाधिकारी अलंकृता पांडे देर रात खुद कटाव स्थल पर पहुंचीं और मौके पर चल रहे बचाव अभियान का जायजा लिया।डीएम ने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों से कटाव निरोधी कार्य की प्रगति की जानकारी ली और जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए। अधिकारियों को साफ तौर पर बचाव कार्य में तेजी बनाए रखने और बांध को और क्षतिग्रस्त होने से बचाने के लिए हरसंभव उपाय करने को कहा गया।
कटाव की विकराल स्थिति को देखते हुए जल संसाधन विभाग के स्थानीय अधिकारियों के साथ पटना से पहुंची विशेष टीम भी लगातार मौके पर कैंप कर रही है। इंजीनियर इन चीफ खुद दिन-रात घटनास्थल पर डटे हुए हैं और बचाव अभियान की निगरानी कर रहे हैं।बांध को सुरक्षित करने के लिए युद्धस्तर पर काम चल रहा है। कटाव की रफ्तार पर लगाम लगाने के लिए बॉम्बे रोल, हाथी पांव, मेगा बैग, एनसी बैग और ईसी बैग के साथ गाछ डालने का काम किया जा रहा है। कई बड़े ठेकेदारों की टीमें और मजदूर लगातार मोर्चे पर डटे हुए हैं।मौके पर चीफ इंजीनियर, कार्यपालक अभियंता, भागलपुर और पूर्णिया के कार्यपालक अभियंता, एसडीओ समेत कई जूनियर इंजीनियर मौजूद हैं। प्रशासनिक अधिकारी भी लगातार हालात पर नजर रख रहे हैं।
कटाव ने ग्रामीणों के दिल में खौफ पैदा कर दिया है। खासकर ग्रामीण महिलाओं में अपने घर और गांव को लेकर गहरी चिंता है। महिलाएं गंगा किनारे पहुंचीं और गंगा मैया की पूजा-अर्चना कर कटाव थामने की आरजू-विनती की।ग्रामीणों का कहना है कि गंगा की तेज धार लगातार उनके लिए मुसीबत बनी हुई है। लोगों को डर है कि अगर कटाव पर जल्द काबू नहीं पाया गया तो गांव और आसपास की आबादी पर बड़ा खतरा मंडरा सकता है।स्थानीय स्तर पर यह बात भी सामने आ रही है कि जिस हिस्से में मौजूदा समय में भीषण कटाव हुआ है, वहां पिछले कई वर्षों से पर्याप्त मरम्मत और सुदृढ़ीकरण का काम नहीं हुआ था। लंबे वक्त तक बांध की अनदेखी के कारण यह हिस्सा कमजोर पड़ गया और गंगा की तेज धारा का दबाव झेल नहीं सका।नतीजा यह हुआ कि करीब 250 मीटर बांध कट गया, जिसके बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया। अब विभाग की टीमें दिन-रात एक कर कटाव पर काबू पाने में जुटी हैं।
डीएम अलंकृता पांडे ने निरीक्षण के बाद कहा कि स्थिति को बेहतर करने के लिए लगातार काम चल रहा है और अगले दिन तक हालात में सुधार की उम्मीद है। प्रशासन और जल संसाधन विभाग की टीमें पूरी मुस्तैदी के साथ निगरानी कर रही हैं।फिलहाल राघोपुर में गंगा की धार और सरकारी मशीनरी के बीच जंग जारी है एक तरफ नदी का रौद्र वेग है, तो दूसरी तरफ बांध और गांव को बचाने के लिए प्रशासन का युद्धस्तरीय अभियान।
रिपोर्ट- बालमुकुंद कुमार