Bihar Inter Exam : भागलपुर में देरी से पहुंची छात्राओं को गेट से लौटाया, रोते-बिलखते वापस गए परीक्षार्थी
Bihar Inter Exam : भागलपुर में इंटर परीक्षा में देरी से पहुंची छात्राओं को बैरंग वापस लौटना पड़ा. कड़ी मशक्कत के बाद भी गेट नहीं खुला......पढ़िए आगे
BHAGALPUR : बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित इंटरमीडिएट की वार्षिक परीक्षा आज से भागलपुर जिले में कड़ी सुरक्षा और उत्साहपूर्ण माहौल में शुरू हो गई। जिले के कुल 59 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित इस परीक्षा में लगभग 40,200 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। परीक्षा को लेकर प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए हैं, और यह महाकुंभ आगामी 13 फरवरी तक जारी रहेगा।
आदर्श केंद्रों पर दिखा उत्सव जैसा नजारा
जिले में परीक्षार्थियों के स्वागत के लिए चार विशेष आदर्श परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें टीएनबी कॉलेजिएट, सरसहाय विद्यालय कहलगांव, श्याम सुंदर विद्या निकेतन और सीसी बालिका उच्च विद्यालय शामिल हैं । इन केंद्रों को फूलों और गुब्बारों से बेहद आकर्षक ढंग से सजाया गया था । छात्राओं के स्वागत के लिए न केवल चंदन-टीका लगाया गया, बल्कि परीक्षा के तनाव को कम करने के लिए उन्हें मिठाई और फूल भी भेंट किए गए, जिससे केंद्र पर उत्सव जैसा माहौल दिखा।
त्रिस्तरीय सुरक्षा और सीसीटीवी की निगरानी
परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए केंद्रों पर त्रिस्तरीय जांच (Frisking) की व्यवस्था की गई है । प्रवेश के समय सघन तलाशी के साथ-साथ वीडियोग्राफी भी कराई गई । जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने स्वयं सभी केंद्राधीक्षकों को नियमों का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया है। परीक्षा हॉल के भीतर भी उड़नदस्ता दलों द्वारा औचक निरीक्षण किया जा रहा है और सीसीटीवी कैमरों के जरिए हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है।
प्रवेश नियमों की सख्ती: रोती-बिलखती लौटीं छात्राएं
एक ओर जहाँ स्वागत की तस्वीरें सामने आईं, वहीं दूसरी ओर नियमों की सख्ती के कारण कई परीक्षार्थियों को मायूस भी होना पड़ा। समिति के निर्देशानुसार परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले मुख्य द्वार बंद कर दिए गए थे । निर्धारित समय के बाद केंद्र पर पहुंची कई छात्राओं को प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई, जिसके बाद वे अपने परिजनों के साथ गेट पर ही रोती-बिलखती नजर आईं। लाख मिन्नतों के बावजूद प्रशासन ने सुरक्षा और नियमों के हवाला देते हुए उन्हें अंदर जाने नहीं दिया।
कल की परीक्षा का कार्यक्रम
परीक्षा के पहले दिन प्रथम पाली में जीव विज्ञान और दर्शनशास्त्र, जबकि दूसरी पाली में अर्थशास्त्र की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई । कल यानी 3 फरवरी को परीक्षा के दूसरे दिन प्रथम पाली में गणित (Mathematics) और द्वितीय पाली में राजनीति विज्ञान (Political Science) की परीक्षा आयोजित की जाएगी। प्रशासन ने सभी परीक्षार्थियों से समय पर केंद्र पहुँचने की अपील की है ताकि आज जैसी अप्रिय स्थिति दोबारा न बने।
बालमुकुन्द की रिपोर्ट