Bihar News : भागलपुर में गंगा के उफान के आगे बेबस सरकारी तंत्र, कटाव की धार में लीन हुआ राघोपुर का दुर्गा मंदिर, ग्रामीणों में दहशत का माहौल
Bihar News : भागलपुर के राघोपुर क्षेत्र में गंगा नदी की तेज धारा लगातार तबाही मचा रही है। भीषण कटाव के कारण दुर्गा मंदिर देखते ही देखते गंगा की विकराल धारा में समा गया।
BHAGALPUR : जिले के नवगछिया अनुमंडल अंतर्गत राघोपुर क्षेत्र में गंगा का रौद्र रूप लगातार कहर बरपा रहा है। गंगा की तेज धारा और भीषण कटाव के कारण राघोपुर का दुर्गा मंदिर देखते ही देखते गंगा की धारा में समा गया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीणों में भय का माहौल है। गंगा लगातार जमीन को अपने आगोश में लेते हुए आगे बढ़ रही है।
कटाव की गंभीर स्थिति को देखते हुए जल संसाधन विभाग की ओर से लगातार युद्धस्तर पर बचाव एवं कटावरोधी कार्य कराया जा रहा है। विभाग के बड़े अधिकारियों से लेकर स्थानीय अभियंताओं और कई बड़े व छोटे ठेकेदारों की टीमें मौके पर लगी हुई हैं। इसके बावजूद गंगा की तेज धार के सामने किए जा रहे कई कार्य धराशायी होते नजर आ रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि गंगा जिस तेजी से जमीन को काटते हुए आगे बढ़ रही है, उससे आने वाले समय में आसपास के क्षेत्रों पर भी खतरा बढ़ सकता है। कटाव की स्थिति देखकर लोगों में अपने घर और जमीन को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है। खास बात यह है कि राघोपुर क्षेत्र से बिहार सरकार के दो मंत्री भी जुड़े हुए हैं। इसी इलाके के समीप ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल का घर है। वहीं दूसरी ओर पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर शैलेंद्र का गांव तेलघी भी इसी क्षेत्र से जुड़ा हुआ है, हालांकि राघोपुर से उनकी गांव की दूरी अधिक है।
इसके बावजूद स्थानीय लोगों के बीच यह सवाल चर्चा का विषय बना हुआ है कि जब सरकार के महत्वपूर्ण विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में संसाधन कटावरोधी कार्य में लगाए गए हैं, तब भी गंगा के प्रचंड वेग के आगे बचाव कार्य क्यों कमजोर पड़ रहे हैं। फिलहाल जल संसाधन विभाग की टीमें लगातार मौके पर मौजूद रहकर कटाव को रोकने का प्रयास कर रही हैं। लेकिन गंगा की तेज धारा मंदिर और जमीन को जमींदोज करते हुए जिस तरह आगे बढ़ रही है, उससे ग्रामीणों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।
बालमुकुन्द की रिपोर्ट