Bihar Road accident : भागलपुर में तेज रफ्तार का कहर, अनियंत्रित कार गुमटी में घुसी, दो की मौत, मुखिया समेत कई लोग हुए जख्मी

Bihar Road accident : भागलपुर में तेज रफ़्तार कार झोपडी में घुस गयी. जिससे दो लोगों की मौत हो गयी. वहीँ कई लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए.....पढ़िए आगे

तेज रफ़्तार का कहर - फोटो : BALMUKUND

BHAGALPUR : भागलपुर-सुलतानगंज एनएच-80 मुख्य मार्ग पर मिर्जापुर स्थित दिलगौरी मोड़ के पास गुरुवार को तेज रफ्तार का खौफनाक मंजर देखने को मिला। भागलपुर की ओर से आ रही एक अनियंत्रित फोर-व्हीलर कार सड़क किनारे स्थित एक गुमटी में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वहां खड़े लोग इसकी चपेट में आ गए और वाहन के परखच्चे उड़ गए। इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।

गुमटी में काल बनकर घुसी तेज रफ्तार कार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की गति अत्यधिक थी। दिलगौरी मोड़ के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे गुमटी से जा टकराई। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला। घटना की सूचना मिलते ही सुलतानगंज थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला।

आधे घंटे तक स्टयरिंग में फंसा रहा चालक

हादसे की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कार चला रहे तिलकपुर निवासी मुखिया अमित कुमार लगभग आधे घंटे तक क्षतिग्रस्त वाहन की स्टयरिंग में फंसे रहे। पुलिस और स्थानीय लोगों की कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला जा सका। सभी घायलों को पहले सुलतानगंज रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया है।

मृतकों और घायलों की हुई पहचान

इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान नारायणपुर नवटोलिया निवासी नितेश मिश्रा (28 वर्ष) और सुलतानगंज के मिर्जापुर निवासी श्रवण (34 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं, घायलों में कार मालिक सह मुखिया अमित कुमार, चंदन ठाकुर (कोलगामा), पीयूष कुमार (नवादा तिलकपुर), ललित यादव और एक अज्ञात व्यक्ति शामिल हैं। बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन मुखिया अमित कुमार का ही है।

जांच में जुटी पुलिस, इलाके में शोक

थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार ने बताया कि पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया है और मामले की गहन जांच की जा रही है। हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है। इस घटना के बाद से मिर्जापुर और आसपास के गांवों में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों ने एनएच-80 पर वाहनों की बेलगाम रफ्तार पर अंकुश लगाने और दिलगौरी मोड़ जैसे खतरनाक मोड़ों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

बालमुकुन्द की रिपोर्ट