Bihar News : भागलपुर में खेत जोतकर लौट रहे किसान की बदमाशों ने गोली मारकर की हत्या, परिजनों में मचा कोहराम
Bihar News : भागलपुर में बेख़ौफ़ बदमाशों ने खेत जोतकर लौट रहे किसान की गोली मारकर हत्या कर दी. इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है......पढ़िए आगे
BHAGALPUR : नवगछिया के खरीक थाना क्षेत्र की 14 नंबर सड़क पर अज्ञात अपराधियों ने खेत जोतकर लौट रहे किसान की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान परबत्ता थाना क्षेत्र के बहरा गांव निवासी 45 वर्षीय घोंघन मंडल के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार घोंघन मंडल ट्रैक्टर से खेत जोतकर लौट रहे थे। इसी दौरान अपराधियों ने उन्हें सीने में गोली मार दी।
गोली लगते ही ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर खरीक थाना पुलिस मौके पर पहुँची और शव को ट्रैक्टर से निकालकर पोस्टमार्टम हेतु नवगछिया अनुमंडल अस्पताल भेजा। अस्पताल में मृतक के परिजन नौचन मंडल सहित अन्य सदस्य पहुँचे, जहाँ परिवार का रो-रोकर बुरा हाल था। मृतक के बड़े बेटे कुंदन कुमार ने बताया कि ग्रामीणों से सूचना मिली कि उसके पिता की गोली मारकर हत्या कर दी गई है।
उसने आशंका जताई कि हत्या का कारण जमीन संबंधी पुराना विवाद हो सकता है। हालांकि उसने किसी का नाम नहीं लिया। घटना की जानकारी मिलते ही एसडीपीओ ओम प्रकाश अनुमंडल अस्पताल पहुँचे और मृतक के पुत्र से पूछताछ की।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में मृतक को एक गोली मारे जाने की पुष्टि हुई है। हत्या किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे किसकी संलिप्तता है, इसकी जाँच की जा रही है।
भागलपुर से बालमुकुन्द की रिपोर्ट