Bihar Road Accident: अगरबत्ती लदी पिकअप बनी काल, बाइक सवार की मौके पर दर्दनाक मौत, हादसे के बाद चालक समेत सभी सवार फरार

Bihar Road Accident: पेट्रोल पंप के समीप अगरबत्ती से लदी एक तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी।...

भीषण सड़क हादसा- फोटो : BALMUKUND

Bhagalpur: जिले के नवगछिया अनुमंडल अंतर्गत खरीक थाना क्षेत्र में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे ने एक युवक की जिंदगी छीन ली। रिलायंस पेट्रोल पंप के समीप अगरबत्ती से लदी एक तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि बाइक सवार युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अगरबत्ती से लदी पिकअप नवगछिया की ओर से आ रही थी, जबकि बाइक सवार खगड़िया की दिशा से नवगछिया की ओर जा रहा था। इसी दौरान पिकअप अचानक अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रही बाइक को भीषण टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और युवक को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

दुर्घटना के बाद पिकअप पर लदी अगरबत्तियां सड़क पर बिखर गईं, जिससे कुछ देर के लिए सड़क पर आवागमन भी प्रभावित रहा। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसे के तुरंत बाद पिकअप चालक और वाहन पर सवार अन्य लोग मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए। चालक के भागने से स्थानीय लोगों में आक्रोश भी देखने को मिला। घटना की सूचना मिलते ही खरीक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी। पुलिस ने दुर्घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

फिलहाल मृतक की पहचान और उसके परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया जारी है। वहीं पुलिस फरार पिकअप चालक और वाहन पर सवार अन्य लोगों की तलाश में छापेमारी कर रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हादसे के कारणों और फरार आरोपियों तक जल्द पहुंचा जा सके।

बालमुकुंद कुमार की रिपोर्ट