Bihar News : भागलपुर के इस सरकारी अस्पताल में अनियमितताओं की तेज हुई जांच, सिविल सर्जन ने तीन दिनों में मांगी रिपोर्ट

BHAGALPUR : जिले के रंगरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) में निरीक्षण के दौरान सामने आई गड़बड़ियों और प्रशासनिक कमियों को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। जिला परिषद अध्यक्ष द्वारा निरीक्षण के बाद भेजे गए प्रतिवेदन के आधार पर सिविल सर्जन सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, भागलपुर ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल जांच कर विस्तृत प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।

जारी पत्र के अनुसार, जिला परिषद अध्यक्ष द्वारा 18 अप्रैल 2026 को रंगरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण के क्रम में कई त्रुटियां एवं कमियां पाई गई थीं। इस संबंध में प्राप्त प्रतिवेदन को गंभीरता से लेते हुए सिविल सर्जन कार्यालय ने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी रंगरा, डीपीएम तथा जिला सलाहकार QA को जांच कर मामले की सत्यता सुनिश्चित करने का आदेश दिया है।

स्वास्थ्य विभाग ने निर्देश दिया है कि पत्र प्राप्ति के तीन दिनों के भीतर जांच रिपोर्ट समर्पित की जाए, ताकि दोषियों पर आवश्यक कार्रवाई की जा सके। इस कार्रवाई से स्वास्थ्य व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में प्रशासन की सक्रियता स्पष्ट दिख रही है।

स्थानीय लोगों में उम्मीद जगी है कि जांच के बाद स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं में सुधार होगा और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।

बालमुकुन्द की रिपोर्ट