Bihar News: JLNMCH में सुरक्षा गार्डों का हल्ला बोल! वेतन, पीएफ और छुट्टी की मांग पर धरना, प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी

Bihar News: अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था संभालने वाले निजी सुरक्षा कर्मियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन शुरू कर दिया।..

JLNMCH में सुरक्षा गार्डों का हल्ला बोल- फोटो : reporter

Bihar News:  भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल  में सोमवार को उस समय माहौल गरमा गया, जब अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था संभालने वाले निजी सुरक्षा कर्मियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन शुरू कर दिया। सामानता सिक्योरिटी इंटेलिजेंस सर्विस प्राइवेट लिमिटेड के बैनर तले बड़ी संख्या में सुरक्षा गार्ड अस्पताल परिसर में एकत्र हुए और धरना-प्रदर्शन करते हुए प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।

प्रदर्शनकारी सुरक्षा कर्मियों का आरोप है कि वर्षों से अस्पताल की सुरक्षा का जिम्मा निभाने के बावजूद उन्हें बुनियादी श्रमिक सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं। उनका कहना है कि वर्तमान वेतन बढ़ती महंगाई के मुकाबले बेहद कम है, जिससे परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो गया है।

आंदोलनरत कर्मियों ने अपनी प्रमुख मांगों में वेतन वृद्धि, साप्ताहिक अवकाश, अन्य निर्धारित छुट्टियों की व्यवस्था, वर्दी उपलब्ध कराने तथा भविष्य निधि (पीएफ) की सुविधा सुनिश्चित करने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि श्रम कानूनों के तहत मिलने वाली कई सुविधाओं से वे अब भी वंचित हैं।अस्पताल परिसर में बैनर और तख्तियों के साथ जुटे सुरक्षा कर्मियों ने जोरदार नारेबाजी करते हुए कहा कि कई बार कंपनी प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याएं रखी गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इसी वजह से उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।

प्रदर्शनकारियों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा। फिलहाल अस्पताल परिसर में धरना जारी है और सुरक्षा कर्मी एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने की बात कह रहे हैं।वहीं, इस पूरे घटनाक्रम पर अस्पताल प्रशासन और संबंधित एजेंसी की आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है। सुरक्षा कर्मियों के आंदोलन को देखते हुए अस्पताल परिसर की स्थिति पर प्रशासन की नजर बनी हुई है।

रिपोर्ट - अंजनी कुमार कश्यप