कॉलेज के निर्माणाधीन भवन के तीसरी मंजिल से गिरकर मजदूर की मौत, परिजनों ने लगाया यह गंभीर आरोप

भागलपुर जिले के नवगछिया अनुमंडल अंतर्गत रंगरा थाना क्षेत्र स्थित अर्जुन कॉलेज के निर्माणाधीन भवन की तीसरी मंजिल पर काम करने के दौरान गिरने से 40 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। परिजनों ने बिना सेफ्टी के काम करवाने का आरोप लगाया है....

कॉलेज के निर्माणाधीन भवन से गिरकर मजदूर की मौत- फोटो : बाल मुकुंद कुमार

Bhagalpur : जिले के नवगछिया अनुमंडल अंतर्गत रंगरा थाना क्षेत्र स्थित मदरौनी के अर्जुन कॉलेज में शनिवार को निर्माण कार्य के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। निर्माणाधीन भवन की तीसरी मंजिल पर काम करने के दौरान संतुलन बिगड़ने से 40 वर्षीय मजदूर मिथलेश मंडल नीचे आ गिरे। गंभीर हालत में उन्हें इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक इस्माईलपुर थाना क्षेत्र के नारायणपुर इस्माईलपुर गांव के निवासी थे।


परिजनों का आरोप: बिना सेफ्टी गियर कराया जा रहा था काम, शव छिपाने की हुई कोशिश

हादसे के बाद अस्पताल पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी किरण देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। मिथलेश मंडल अपने पीछे दो बेटों और दो बेटियों का परिवार छोड़ गए हैं। परिजनों ने कॉलेज प्रशासन पर लापरवाही का गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मजदूरों से बिना सेफ्टी बेल्ट, हेलमेट और अन्य सुरक्षा उपकरणों के इतनी ऊंचाई पर काम कराया जा रहा था। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि हादसे के बाद घायल को समय पर अस्पताल नहीं ले जाया गया और शव को छिपाने की कोशिश की गई।


शव के साथ कॉलेज परिसर में परिजनों का प्रदर्शन, मुआवजे की मांग

घटना से आक्रोशित परिजन शव को लेकर अर्जुन कॉलेज परिसर पहुंचे और जमकर हंगामा किया। परिजनों ने कॉलेज प्रबंधन से उचित मुआवजा देने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। परिजनों का कहना था कि यदि निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन किया गया होता और समय पर इलाज मिलता, तो मजदूर की जान बच सकती थी।


रंगरा पुलिस और जिला परिषद अध्यक्ष ने दिया कार्रवाई का आश्वासन

घटना की सूचना मिलते ही जिला परिषद अध्यक्ष विपिन कुमार मंडल अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया। उन्होंने निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहीं रंगरा थानाध्यक्ष विश्व बंधु ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। परिजनों की ओर से आवेदन प्राप्त होने के बाद मामले की गहनता से जांच की जाएगी और विधिसम्मत दंडात्मक कार्रवाई होगी।


कॉलेज प्रबंधन और विश्वविद्यालय प्रशासन का रुख

मामले में अर्जुन कॉलेज के संचालक राजीव कुमार से उनका पक्ष जानने के लिए कई बार फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। उधर, तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (TMBU) के पीआरओ प्रो. दीपक कुमार दिनकर ने बताया कि उन्हें घटना की कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है। उन्होंने स्पष्ट किया कि घटना की विस्तृत जानकारी प्राप्त होने के बाद ही विश्वविद्यालय स्तर से आवश्यक कदम उठाए जा सकते हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


बालमुकुंद की रिपोर्ट