मवेशी लदी गाड़ी फरार मामले एसएसपी की बड़ी कार्रवाई : ASI निलंबित, सहरसा से वाहन बरामद
भागपुर जिले में मवेशी लदी गाड़ी के फरार होने के मामले एएसआई पर गाज गिरी है। इस मामले में एसएसपी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मौके पर मौजूद एएसआई नीरज कुमार को डयूटी के दौरान लापरवाही के आरोप में तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है....
Bhagalpur : जिले के बाईपास थाना क्षेत्र में मवेशी लदे एक वाहन के फरार होने के मामले में पुलिस विभाग ने त्वरित और सख्त कार्रवाई की है। घटना के समय मौके पर मौजूद सहायक अवर निरीक्षक (ASI) नीरज कुमार को प्रथमदृष्टया लापरवाही और संदिग्ध आचरण के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
निगरानी में लापरवाही पर एसएसपी की सख्त कार्रवाई
पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 20 अगस्त 2026 की देर शाम बाईपास थाना क्षेत्र में मवेशी लदे एक वाहन को रोका गया था। इसकी देखरेख और आवश्यक कार्रवाई का जिम्मा ASI नीरज कुमार पर था। इसी दौरान चौकीदार ने वाहन के मौके से अचानक फरार होने की सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) भागलपुर ने त्वरित एक्शन लेते हुए ASI को निलंबित कर दिया और विभागीय जांच शुरू कर दी।
थानाध्यक्ष को सख्त निर्देश और त्वरित छापेमारी
घटना के तुरंत बाद SSP भागलपुर ने बाईपास थानाध्यक्ष विकास कुमार को फरार वाहन की बरामदगी और दोषियों की धरपकड़ का कड़ा निर्देश दिया। आदेश मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत हरकत में आते हुए संदिग्ध रास्तों पर वाहन का पीछा करना शुरू कर दिया।
रात 12 बजे सहरसा से बरामद हुआ वाहन
पुलिस की मुस्तैद टीम ने देर रात करीब 12 बजे पड़ोसी जिले सहरसा के क्षेत्र से फरार मवेशी लदे वाहन को सफलतापूर्वक बरामद कर लिया। वाहन को जब्त कर बाईपास थाने लाया गया है, जहां कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
मवेशियों का सत्यापन और आगे की कार्रवाई
बरामद वाहन में बड़ी संख्या में मवेशी पाए गए हैं। पुलिस फिलहाल मवेशियों के व्यापार और कागजातों से संबंधित सभी तथ्यों का गहनता से सत्यापन कर रही है। एसएसपी ने साफ किया है कि कर्तव्य में किसी भी तरह की कोताही या संदिग्ध आचरण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जांच के बाद दोषी पाए जाने वालों पर कठोर कानूनी कार्रवाई होगी।
बालमुकुंद की रिपोर्ट