Bihar News : भागलपुर में अवैध खनन को लेकर बड़ी कार्रवाई, गिट्टी और बालू लदे 4 वाहन खनन विभाग की टीम ने किया जब्त, 24.30 लाख रुपये का लगेगा जुर्माना

Bihar News : बिहार के भागलपुर जिले में अवैध खनन और खनिजों के गैर-कानूनी परिवहन के खिलाफ खनन विभाग ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है.......पढ़िए आगे

खनन विभाग की कार्रवाई - फोटो : BALMUKUND

BHAGALPUR : जिले में अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ खनन विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। जिला खनन पदाधिकारी कुमार रविशंकर के आदेश एवं मुख्यालय के निर्देश पर खान निरीक्षक एमडी अरमान और नैय्यर शाकिर ने घोघा थाना क्षेत्र में छापेमारी कर गिट्टी लदे दो 18 चक्का ट्रकों को जब्त किया।

नहीं मिले दस्तावेज

जांच के दौरान दोनों वाहनों के पास गिट्टी के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज, चालान अथवा ISTP (ई-परिवहन परमिट) नहीं मिला। इसके बाद दोनों वाहनों को जब्त कर घोघा थाना के सुपुर्द कर दिया गया। विभागीय कार्रवाई के तहत दोनों वाहनों से करीब 22 लाख रुपये के राजस्व की वसूली की जाएगी।

हबीबपुर चौक पर भी कार्रवाई, बालू लदे दो ट्रैक्टर जब्त

वहीं, पुलिस मुख्यालय से मिली विशेष सूचना के आधार पर 22 सितंबर 2026 की सुबह करीब 6 से 7 बजे अवैध खनन एवं खनिज परिवहन के खिलाफ छापेमारी की गई। इस दौरान हबीबपुर चौक के पास बिना वैध चालान के पीला बालू लदे दो ट्रैक्टर पकड़े गए। दोनों ट्रैक्टरों को जब्त कर हबीबपुर थाना के सुपुर्द कर दिया गया। विभागीय कार्रवाई के तहत इन दोनों वाहनों से करीब 2 लाख 30 हजार रुपये के राजस्व की वसूली की जाएगी।

चार वाहनों से 24.30 लाख रुपये राजस्व की वसूली

खनन विभाग की दोनों कार्रवाइयों में कुल चार वाहन जब्त किए गए हैं। घोघा में जब्त दो 18 चक्का ट्रकों से करीब 22 लाख रुपये तथा हबीबपुर में जब्त दो ट्रैक्टरों से करीब 2.30 लाख रुपये राजस्व की वसूली की जाएगी। इस तरह कुल 24 लाख 30 हजार रुपये राजस्व की वसूली प्रस्तावित है। खनन विभाग की लगातार कार्रवाई से अवैध रूप से खनिजों का परिवहन करने वाले वाहन संचालकों में हड़कंप है। विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि बिना वैध दस्तावेज, चालान और आवश्यक परमिट के खनिजों का परिवहन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

बालमुकुन्द की रिपोर्ट