Bihar News : बाढ़ के बाद नुकसान का होगा पूरा हिसाब! भागलपुर में प्रभारी मंत्री नितेश मिश्रा ने की बड़ी बैठक, कहा—पीड़ितों को मिलेगा वाजिब हक

Bihar News : बिहार सरकार के नगर विकास एवं आवास मंत्री सह भागलपुर जिले के प्रभारी मंत्री नीतीश मिश्रा ने बाढ़ और आपदा की स्थिति की विस्तृत समीक्षा बैठक की......पढ़िए आगे

बाढ़ को लेकर बैठक - फोटो : ANJANI KASHYAP

BHAGALPUR : बिहार सरकार के नगर विकास मंत्री सह भागलपुर जिला प्रभारी मंत्री नीतीश मिश्रा ने सोमवार को भागलपुर के समीक्षा भवन में जिले में बाढ़ और आपदा की स्थिति को लेकर विशेष समीक्षा बैठक की। बैठक में जिलाधिकारी, वरीय पुलिस अधीक्षक, संबंधित विभागों के पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इस दौरान जनप्रतिनिधियों से क्षेत्र की जमीनी समस्याओं और बाढ़ प्रभावित लोगों की जरूरतों को लेकर सुझाव लिए गए।

बैठक में प्रभारी मंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधियों से प्राप्त सुझावों के आधार पर जिला प्रशासन राहत और बचाव कार्य को आगे बढ़ा रहा है। जिस क्षेत्र में जिस तरह की जरूरत है, वहां उसी के अनुरूप सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य सिर्फ राहत पहुंचाना नहीं, बल्कि राहत व्यवस्था को और बेहतर बनाना भी है। मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि सरकार का सबसे बड़ा लक्ष्य है कि आपदा से प्रभावित लोगों की तकलीफ को किस तरह कम किया जाए। जिला प्रशासन सेवाभाव के साथ लगातार काम कर रहा है और प्रभावित इलाकों में उपलब्ध संसाधनों के आधार पर राहत पहुंचाई जा रही है। 

उन्होंने स्पष्ट किया कि आपदा राहत के मामले में भारत सरकार द्वारा निर्धारित मापदंड और गाइडलाइन का राज्य सरकार भी पालन कर रही है। गाइडलाइन के तहत जो भी सहायता पीड़ितों को मिलनी है, वह उन्हें निश्चित रूप से उपलब्ध कराई जाएगी सरकार की प्राथमिकता है कि आपदा की इस घड़ी में कोई भी पात्र प्रभावित व्यक्ति सहायता से वंचित न रहे प्रभारी मंत्री ने कहा कि बाढ़ का पानी कम होने के बाद नुकसान का वास्तविक आकलन करने के लिए एक विशेष टीम गठित की जाएगी टीम प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर घर, फसल, सड़क, सार्वजनिक संपत्ति सहित हुए नुकसान का जायजा लेगी। इसके बाद निर्धारित नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि अभी सबसे महत्वपूर्ण चुनौती प्रभावित लोगों को सुरक्षित रखना और उन्हें जरूरी राहत उपलब्ध कराना है। पानी कम होने के बाद नुकसान का पूरा आकलन कर क्षति के आधार पर सहायता और आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं प्रभारी मंत्री के सामने रखीं। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त सुझावों और स्थानीय जरूरतों को गंभीरता से लेते हुए राहत कार्यों को और प्रभावी बनाया जाए।अब नजर पानी उतरने के बाद होने वाले नुकसान के आकलन पर है—क्योंकि सरकार का दावा है कि जिसका जितना नुकसान हुआ है, नियमों के तहत उसे उतनी ही सहायता दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

अंजनी कश्यप की रिपोर्ट