बाढ़ राहत और तटबंध निर्माण की मांग को लेकर मुखिया किरण देवी का आमरण अनशन, देर शाम तक जारी रहा धरना

बाढ़ राहत और तटबंध निर्माण की मांग को लेकर मुखिया का आमरण अनशन- फोटो : बाल मुकुंद कुमार

Bhagalpur : जिले के नवगछिया अनुमंडल अंतर्गत इस्माइलपुर प्रखंड मुख्यालय परिसर में सोमवार को प्रशासनिक उपेक्षा के खिलाफ आक्रोश फूट पड़ा। पश्चिमी भिट्ठा पंचायत की मुखिया किरण देवी ने ग्रामीणों के साथ मिलकर कृषि भवन के समीप अनिश्चितकालीन आमरण अनशन शुरू कर दिया है। अनशन स्थल पर स्थानीय वार्ड पार्षद, सरपंच प्रतिनिधि और सैकड़ों की संख्या में प्रभावित ग्रामीण उपस्थित होकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं।


जीआर राशि, पॉलीथिन शीट और मेघल टोला तक तटबंध निर्माण की प्रमुख मांगें 

अनशनकारी पंचायत प्रतिनिधियों ने अनुमंडल और अंचल प्रशासन के समक्ष तीन सूत्री प्रमुख मांगें रखी हैं। मुख्य मांगों में बाढ़ प्रभावित शत-प्रतिशत परिवारों को तत्काल जीआर (GR) राशि का भुगतान करना, वंचित परिवारों को पॉलीथिन शीट उपलब्ध कराना और इस्माइलपुर प्रखंड मुख्यालय से मेघल टोला तक कटाव निरोधी तटबंध का निर्माण कराना शामिल है, ताकि भविष्य में होने वाले भीषण जलभराव और कटाव से पंचायत को बचाया जा सके।


"बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित रही पंचायत, लेकिन नहीं मिली प्राथमिकता": अनिल पोद्दार 

अनशन का समर्थन करते हुए मुखिया प्रतिनिधि अनिल पोद्दार ने कहा कि इस वर्ष आई भीषण बाढ़ से पश्चिमी भिट्ठा पंचायत सबसे अधिक जलमग्न और क्षतिग्रस्त हुई थी। इसके बावजूद अंचल प्रशासन द्वारा राहत और पुनर्वास कार्यों में पंचायत की उपेक्षा की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि कई पात्र परिवार आज भी सरकारी सहायता के इंतजार में भटक रहे हैं, जिससे तंग आकर जनप्रतिनिधियों को आमरण अनशन का रास्ता चुनना पड़ा।


सीओ गौरव प्रकाश ने की अनशन समाप्त करने की अपील, ठोस लिखित आश्वासन पर अड़ीं मुखिया 

देर शाम मामले की गंभीरता को देखते हुए इस्माइलपुर के अंचलाधिकारी (CO) गौरव प्रकाश अनशन स्थल पर पहुंचे। उन्होंने मुखिया किरण देवी और अन्य प्रतिनिधियों से वार्ता कर अनशन खत्म करने का अनुरोध किया। हालांकि, मुखिया ने स्पष्ट कर दिया कि जब तक उनकी मांगों पर प्रशासनिक स्तर से त्वरित और लिखित कार्रवाई नहीं होती, तब तक आमरण अनशन और धरना-प्रदर्शन निर्बाध रूप से जारी रहेगा।


900 परिवारों को दी गई जीआर राशि, शेष मांगों पर वरीय अधिकारियों से बात जारी: सीओ 

मामले में अपना पक्ष रखते हुए अंचलाधिकारी गौरव प्रकाश ने बताया कि अंचल प्रशासन द्वारा अब तक 900 बाढ़ पीड़ित परिवारों के बैंक खातों में जीआर राशि भेजी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि बाढ़ के समय भी पॉलीथिन शीट का वितरण किया गया था और जो शेष परिवार छूट गए हैं, उन्हें जल्द पॉलीथिन देने के लिए वरीय अधिकारियों को रिपोर्ट भेजी गई है। देर शाम तक धरना स्थल पर सैकड़ों ग्रामीण डटे हुए थे और स्थिति पर पुलिस-प्रशासन की नजर बनी हुई है।

बालमुकुंद की रिपोर्ट