Muzaffarpur Crime: मुजफ्फरपुर में पिटाई के बाद युवक की मौत! दो समुदायों में तनाव, 3 आरोपी गिरफ्तार
Muzaffarpur Crime: मुजफ्फरपुर में युवक की पिटाई के बाद मौत हो गई है। इस दौरान दो समुदायों में तनाव की स्थिति बनी हुई है। मामले में पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
Muzaffarpur Crime: मुजफ्फरपुर से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक युवक की पिटाई के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया है। मृतक की पहचान मोतीपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले राहुल साह के रूप में हुई है। वह अपनी बहन के घर, जो सरैया थाना क्षेत्र में है, वहां गया हुआ था। बताया जा रहा है कि बुधवार की सुबह उसे कुछ लोगों द्वारा बुरी तरह पीटे जाने की सूचना मिली।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल राहुल साह को अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। दूसरी ओर, जिन लोगों पर हमला करने का आरोप है, उनका कहना है कि देर रात राहुल साह उनके घर में गलत इरादे से घुसा था, जिसके बाद यह घटना हुई। राहुल की मौत के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही
हालांकि, आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद कुछ लोगों ने लाठी-डंडे के बल पर उन्हें छुड़ाने की कोशिश भी की। इसके बावजूद पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए आरोपियों को सुरक्षित थाने पहुंचाया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जो लोग सरकारी काम में बाधा डालने की कोशिश कर रहे थे, उनकी पहचान की जा रही है। इलाके में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती भी की गई है।
मुजफ्फरपुर से मनी भूषण शर्मा की रिपोर्ट