Bihar News: भागलपुर में नितिन नवीन की अगुवाई में लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा का आगाज, NDA के हजारों कार्यकर्ता उतरे सड़क पर

Bihar News: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के भागलपुर पहुंचते ही सोमवार को बहुप्रतीक्षित 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा का औपचारिक आगाज हो गया। ...

लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा का आगाजज- फोटो : reporter

Bihar News: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के भागलपुर पहुंचते ही सोमवार को बहुप्रतीक्षित 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा का औपचारिक आगाज हो गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालने के बाद नितिन नवीन का सिल्क सिटी भागलपुर में यह पहला दौरा है। उनके आगमन को लेकर भाजपा और एनडीए के घटक दलों के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

इस पदयात्रा में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन  के विभिन्न घटक दलों के नेता, मंत्री, विधायक और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। भाजपा के साथ जनता दल यूनाइटेड (JDU), लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा  के नेताओं ने भी अपनी भागीदारी दर्ज कराई। वहीं नितिन नबीन ने विपक्ष पर जमकर बरसे हैं।

भागलपुर एयरपोर्ट पर नितिन नवीन का भव्य स्वागत

राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के भागलपुर हवाई अड्डे पहुंचने पर एनडीए के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से नागरिक अभिनंदन किया। इस दौरान फूल-मालाओं और नारों के साथ उनका स्वागत किया गया। एयरपोर्ट से उनका काफिला तिलकामांझी, आदमपुर और मानिक सरकार चौक होते हुए लाजपत पार्क पहुंचा।

लाजपत पार्क से शुरू हुई पदयात्रा

लाजपत पार्क में आयोजित विशाल जनसभा के बाद 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा को हरी झंडी दिखाई गई। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पदयात्रा की अगुवाई की। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शहर की सड़कों पर उतरकर अभियान में हिस्सा लिया।

NDA के घटक दलों की एकजुटता का प्रदर्शन

इस आयोजन में भाजपा, जदयू, लोजपा (रामविलास) और हम के नेताओं की मौजूदगी ने एनडीए की संयुक्त राजनीतिक भागीदारी को प्रदर्शित किया। हजारों कार्यकर्ताओं की भागीदारी के बीच लोकतंत्र, राजनीतिक जवाबदेही और विपक्ष की भूमिका जैसे मुद्दे चर्चा के केंद्र में रहे।भाजपा ने इस पदयात्रा को अपने देशव्यापी 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' अभियान का हिस्सा बताया है। पार्टी का कहना है कि इस अभियान के जरिए विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे सवालों और आरोपों का जवाब जनता के बीच दिया जाएगा। 

भागलपुर के बाद कोलकाता जाएंगे नितिन नवीन

भागलपुर में कार्यक्रम पूरा करने के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता रवाना होने का कार्यक्रम है। वहां भी दोपहर तीन बजे कॉलेज स्ट्रीट से 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा आयोजित की गई है, जिसका समापन धर्मतला में होना निर्धारित है।

इस तरह भागलपुर से शुरू हुई पदयात्रा के जरिए भाजपा ने बिहार में अपने राजनीतिक अभियान को सार्वजनिक रूप दिया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम को लेकर अब राजनीतिक गलियारों में भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।