Bihar Crime : भागलपुर में 30 लाख की स्मैक के साथ पुलिस ने तस्कर को किया गिरफ्तार, कट्टा और रिवॉल्वर किया बरामद
Bihar Crime : भागलपुर के गोपालपुर थाना क्षेत्र के हरनाथचक गांव में गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर 215 ग्राम स्मैक, एक देसी कट्टा और एक देसी रिवॉल्वर बरामद किया है......पढ़िए आगे
BHAGALPUR : जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र के हरनाथचक गांव में पुलिस को मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बहुत बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने हरनाथचक गांव में एक संदिग्ध ठिकाने पर छापेमारी की, जहाँ से भारी मात्रा में अवैध स्मैक और हथियार बरामद किए गए। पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से इलाके में नशे के कारोबार से जुड़े अपराधियों और तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है।
30 लाख की स्मैक के साथ देसी कट्टा और रिवॉल्वर जब्त
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से कुल 215 ग्राम उच्च क्वालिटी की स्मैक बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय और स्थानीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा पुलिस ने घटनास्थल से अपराध में इस्तेमाल होने वाले एक देसी कट्टा और एक देसी रिवॉल्वर जैसे अवैध हथियार भी जब्त किए हैं। पुलिस ने मौके से हरनाथचक निवासी विकास कुमार (पिता स्व. भोला मंडल) को धर दबोचा और गिरफ्तार कर लिया।
पिछले चार महीनों में 2.865 किलो स्मैक बरामद
गोपालपुर थाना में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान नवगछिया एसडीपीओ सह एएसपी एस. रजा ने पत्रकारों को इस पूरी सफलता की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नवगछिया पुलिस द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस विशेष अभियान के तहत पिछले चार महीनों के भीतर पुलिस ने कुल 2.865 किलोग्राम स्मैक बरामद की है, जबकि इस काले धंधे में संलिप्त 30 अपराधियों को अब तक गिरफ्तार किया जा चुका है।
एएनटीएफ का गठन और एसपी के निर्देश पर कार्रवाई:
एसडीपीओ ने आगे बताया कि नवगछिया एसपी वैभव शर्मा के सख्त निर्देशों के बाद मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए विशेष चौकसी बरती जा रही है। उनके नेतृत्व में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) का गठन किया गया है, जिसकी मदद से तस्करों के ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस अब गिरफ्तार अभियुक्त विकास कुमार के पुराने आपराधिक इतिहास को खंगालने में जुटी है ताकि इस नेटवर्क के अन्य गुर्गों तक भी पहुँचा जा सके।
छापेमारी टीम में शामिल रहे प्रमुख अधिकारी
हरनाथचक गांव में की गई इस सफल छापेमारी दल में गोपालपुर थानाध्यक्ष रविशंकर सिंह, सहायक थानाध्यक्ष गौरव कुमार सहित भारी संख्या में पुलिस बल के जवान शामिल थे। पुलिस ने गोपालपुर थाना में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
बालमुकुन्द की रिपोर्ट