Bihar Crime : भागलपुर में पुलिस ने मिनी गन फैक्ट्री का किया भंडाफोड़, 11 पिस्तौल और 16 मैगजीन किया जब्त, चार हथियार तस्करों को किया गिरफ्तार

Bihar Crime : भागलपुर में पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. पुलिस ने मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है. जहाँ चार हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया है......पढ़िए आगे

मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ - फोटो : BALMUKUND

BHAGALPUR : नवगछिया पुलिस ने अवैध हथियार निर्माण और तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए बिहपुर थाना क्षेत्र के टेकवापुर दियारा में संचालित एक मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से चार हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान 11 निर्मित देशी पिस्तौल, चार अर्धनिर्मित पिस्तौल, 16 मैगजीन, दो जिंदा कारतूस, 33 लोहे की रॉड तथा हथियार बनाने में प्रयुक्त भारी मात्रा में उपकरण बरामद किए गए। पुलिस का मानना है कि यहां बड़े पैमाने पर अवैध हथियार बनाकर विभिन्न जिलों में आपूर्ति की जाती थी।

नवगछिया SP वैभव शर्मा के निर्देश पर जिले में अपराध नियंत्रण एवं अवैध हथियार निर्माण के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बिहपुर थाना को गुप्त सूचना मिली कि टेकवापुर दियारा स्थित निरंजन सिंह के परिसर में अवैध हथियारों का निर्माण एवं खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद बिहपुर थाना पुलिस ने एसटीएफ के साथ संयुक्त टीम गठित कर मंगलवार देर रात छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से संचालित मिनी गन फैक्ट्री का पर्दाफाश किया। टीम ने वहां से 11 तैयार देशी पिस्तौल, चार अर्धनिर्मित पिस्तौल, 16 पिस्तौल की मैगजीन, दो जिंदा कारतूस, 33 लोहे की रॉड तथा हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाले मशीन, औजार और अन्य सामग्री बरामद की। पुलिस ने पूरे परिसर को सील कर जब्त सामान को कब्जे में ले लिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें मुंगेर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के दरसह मिर्जापुर निवासी मो. छोटू, मो. ओवैद और मो. फैयाज के अलावा भागलपुर जिले के ललमटिया थाना क्षेत्र के दिलावरपुर निवासी पप्पू मंडल उर्फ प्रभात कुमार शामिल हैं। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को हथियार तस्करी से जुड़े कई अहम सुराग मिले हैं। पुलिस अब इनके नेटवर्क, सप्लाई चेन और अन्य सहयोगियों की तलाश में जुट गई है।

पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी मो. फैयाज का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ मुंगेर के मुफस्सिल थाना में आर्म्स एक्ट के दो मामले पहले से दर्ज हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि वह लंबे समय से अवैध हथियार निर्माण और तस्करी के धंधे से जुड़ा हुआ था। इस संबंध में बिहपुर थाना कांड संख्या 207/26 दर्ज कर आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने बताया कि मामले में दो अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि तैयार हथियारों की आपूर्ति किन-किन जिलों और अपराधियों तक की जाती थी। एसपी वैभव शर्मा ने बताया कि जिले में अवैध हथियार निर्माण और तस्करी के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा। इस कार्रवाई को नवगछिया पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे हथियार तस्करी के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।

बालमुकुन्द की रिपोर्ट