Bihar Road Accident: जिस प्लांट में भविष्य संवारने पहुंचे थे, वहीं थम गई जिंदगी,सड़क हादसे में इंजीनियर की मौत से मातम

Bihar Road Accident: एक दर्दनाक सड़क हादसे में निर्माणाधीन पावर प्लांट में कार्यरत ताराचंद कंपनी के मैकेनिकल इंजीनियर शैलेश कुमार की मौत हो गई।...

सड़क हादसे में इंजीनियर की मौत से मातम- फोटो : social Media

Bihar Road Accident: भागलपुर पीरपैंती बाजार जाने वाले मुख्य मार्ग पर गुरुवार की रात करीब नौ बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में निर्माणाधीन पावर प्लांट में कार्यरत ताराचंद कंपनी के मैकेनिकल इंजीनियर शैलेश कुमार की मौत हो गई। हादसे में कंपनी के पांच अन्य कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना पावर प्लांट के मुख्य गेट से कुछ ही दूरी पर हुई, जिससे प्लांट परिसर में शोक का माहौल है।

बताया जा रहा है कि कंपनी के कर्मियों को लेकर जा रही बोलेरो अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे एक पेड़ से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि बोलेरो में सवार सभी कर्मियों को गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए घटनास्थल पर पहुंच गए।

मृतक शैलेश कुमार उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के रहने वाले थे। घायलों में राजस्थान निवासी क्वालिटी इंजीनियर माधव कुमार, आजमगढ़ निवासी कंपनी के एचआर प्रमोद चौहान, बुलंदशहर निवासी सिविल इंजीनियर आकाश कुमार, सिविल इंजीनियर गोविंद कुमार और इंजीनियर राजकिशोर शामिल हैं।

हादसे की सूचना मिलते ही पीरपैंती थानाध्यक्ष पंकज कुमार राउत और पावर प्लांट ओपी प्रभारी आमोद ठाकुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से बोलेरो में फंसे सभी कर्मियों को बाहर निकाला गया। इसके बाद घायलों को तत्काल पीरपैंती रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर कर दिया।

दुर्घटना की खबर मिलते ही कंपनी के अन्य कर्मी और अधिकारी अस्पताल पहुंचने लगे। देखते ही देखते अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ जमा हो गई। सहकर्मी की मौत की खबर से प्लांट परिसर में मातम पसरा रहा।पुलिस ने शैलेश कुमार के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। बोलेरो अचानक किस वजह से अनियंत्रित हुई, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।