Bihar News : भागलपुर में शिक्षा विभाग की बड़ी लापरवाही: वेतन विपत्र में त्रुटि के कारण 1500 से अधिक शिक्षकों का वेतन रुका, डीईओ ने मांगा स्पष्टीकरण

Bihar News : भागलपुर में अक्टूबर 2026 के वेतन भुगतान के लिए भेजे गए वेतन विपत्र (Salary Bill) में गंभीर त्रुटि पाए जाने के कारण शिक्षकों का वेतन भुगतान फिलहाल बाधित हो गया है

शिक्षकों का रुका वेतन - फोटो : BALMUKUND

BHAGALPUR : भागलपुर जिले में शिक्षा विभाग की एक बड़ी लापरवाही के कारण 1500 से अधिक शिक्षकों को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अक्टूबर 2026 के वेतन भुगतान के लिए भेजे गए वेतन विपत्र (Salary Bill) में गंभीर त्रुटि पाए जाने के कारण शिक्षकों का वेतन भुगतान फिलहाल बाधित हो गया है। इस पूरे मामले को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) ने संबंधित अधिकारियों और कर्मियों से स्पष्टीकरण तलब किया है।

जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय, भागलपुर की ओर से पत्रांक 6745, दिनांक 16 नवंबर 2026 को एक आधिकारिक पत्र जारी किया गया है। इस पत्र के माध्यम से सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों (BEO), संबंधित अधिकारियों और विद्यालय अवर निरीक्षकों को तत्काल प्रभाव से वेतन विपत्र में सुधार करने का सख्त निर्देश दिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, लगभग 1500 से अधिक शिक्षकों का वेतन इसलिए रुका हुआ है क्योंकि नियमों के अनुसार देय एचआरए (HRA - मकान किराया भत्ता) और सीटीए (CTA) की राशि के अनुरूप सही वेतन विपत्र तैयार नहीं किया गया था। डीईओ ने अपने निर्देश में स्पष्ट किया है कि वास्तविक देय दर के अनुसार संशोधित वेतन विपत्र जल्द से जल्द निबंधित डाक के माध्यम से उपलब्ध कराया जाए, ताकि शिक्षकों के वेतन भुगतान का रास्ता साफ हो सके।

इसके साथ ही, जिला शिक्षा पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से यह भी स्पष्टीकरण मांगा है कि इतनी बड़ी संख्या में शिक्षकों का वेतन भुगतान प्रभावित होने के बावजूद इस गंभीर मामले की जानकारी समय रहते उच्चाधिकारियों को क्यों नहीं दी गई। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि विभागीय स्तर पर संशोधित वेतन विपत्र तैयार कर इन शिक्षकों का रुका हुआ वेतन कितनी जल्दी और कब तक खाते में ट्रांसफर किया जाता है। 

बालमुकुन्द की रिपोर्ट