Bihar News: गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला बिहार! केस उठाने को कई राउंड फायरिंग, इलाके में दहशत, वीडियो वायरल
Bihar News:
Bihar News: बिहार के भागलपुर से बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां बेखौफ अपराधियों ने ताबड़तोड़ गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि वायरल वीडियो की पुष्टि News4Nation नहीं करता है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल देखने को मिला। अपराधियों ने दिनदहाड़े करीब 4 राउंड फायरिंग की।
गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला बिहार
दरअसल, पूरा मामला नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत भवानीपुर थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव स्थित दलित टोला का है। दलित टोला निवासी राजकिशोर पासवान ने गांव के ही शिवा यादव पर केस वापस लेने की धमकी देते हुए खुलेआम फायरिंग करने का गंभीर आरोप लगाया है। आरोप है कि आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए लगातार चार राउंड गोली चलाई। घटना का लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल फुटेज में आरोपी को तीन से चार बार लगातार गोली चलाते हुए साफ देखा और सुना जा सकता है, जिससे पूरे इलाके में भय का माहौल बन गया है।
क्या है पूरा मामला
पीड़ित राजकिशोर पासवान के अनुसार, 27 जनवरी को आरोपी ने उनके पुत्र के साथ गाली-गलौज की थी, जिसे ग्रामीणों के हस्तक्षेप से शांत कराया गया। लेकिन करीब एक घंटे बाद आरोपी दोबारा मौके पर पहुंचा और राजकिशोर पासवान पर जानलेवा हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस संबंध में भवानीपुर थाना में पहले ही प्राथमिकी दर्ज कराई जा चुकी है। पीड़ित का आरोप है कि उसी केस को वापस लेने के लिए आरोपी लगातार दबाव बना रहा था और इसी क्रम में दलित टोला में फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया।
पुलिस की जांच जारी
वहीं मामले पर भवानीपुर थानाध्यक्ष शुंभ पासवान ने गोलीबारी की घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। घटना के बाद से दलित टोला के लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।
भागलपुर से अंजनी की रिपोर्ट