Bhagalpur Accident: भागलपुर में बाढ़ के पानी में डूबे 6 बच्चे, कर्मा-धर्मा पूजा के लिए गए थे नहाने

Bhagalpur Accident: भागलपुर जिले में बाढ़ के पानी ने छह बच्चों की जान ले ली।...

पानी में डूबे 6 बच्चे- फोटो : social Media

Bhagalpur Accident: भागलपुर जिले में बाढ़ के पानी ने छह बच्चों की जान ले ली। दर्दनाक हादसा नारायणपुर दियारा इलाके में हुआ, जहां कर्मा-धर्मा पूजा को लेकर नहाने गए छह बच्चे गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते डूब गए। हादसे में तीन लड़के और तीन लड़कियों की मौत होने की बात सामने आ रही है। एक साथ छह बच्चों की मौत की खबर मिलते ही इलाके में कोहराम मच गया।

मिली जानकारी के मुताबिक, बच्चे बाढ़ के पानी में नहाने के लिए गए थे। इसी दौरान वे गहरे पानी की चपेट में आ गए। बच्चों के डूबने के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन एक-एक कर छह बच्चे पानी में समा गए।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मृत बच्चों की उम्र करीब 10 से 12 वर्ष के बीच बताई जा रही है। हालांकि, बच्चों के निवास स्थान को लेकर अलग-अलग रिपोर्ट सामने आ रही हैं। कुछ रिपोर्ट्स में सभी बच्चों के बैकुंठपुर दुधैला का रहने वाला बताया गया है, जबकि अन्य रिपोर्ट्स में सुल्तानगंज के विष्णु टोला, वार्ड संख्या 27 का जिक्र है।

हादसे की खबर जैसे ही बच्चों के परिजनों तक पहुंची, घरों में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। त्योहार की तैयारी के बीच एक साथ छह बच्चों की मौत से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।बाढ़ के पानी में हुए इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर जलजमाव और गहरे पानी वाले इलाकों में सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल हादसे से जुड़ी विस्तृत जानकारी और मृत बच्चों की आधिकारिक पहचान का इंतजार है।