Bihar News : भागलपुर में पैतृक गाँव पहुंचा सीआरपीएफ जवान मुकेश कुमार का पार्थिव शरीर, सैन्य सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई
Bihar News : भागलपुर जिले के पोखरिया गांव निवासी सीआरपीएफ जवान मुकेश कुमार का पार्थिव शरीर जैसे ही उनके पैतृक गांव पहुंचा, पूरा इलाका गमगीन हो गया.......पढ़िए आगे
BHAGALPUR : भागलपुर जिले के नवगछिया अंतर्गत गोपालपुर थाना क्षेत्र के पोखरिया गांव निवासी और 185वीं बटालियन के सीआरपीएफ जवान (हेड कांस्टेबल) मुकेश कुमार का पार्थिव शरीर जैसे ही उनके पैतृक गांव पहुंचा, पूरा इलाका गमगीन हो गया। अपने वीर सपूत के अंतिम दर्शन के लिए हजारों की संख्या में ग्रामीणों का हुजूम उमड़ पड़ा। 'भारत माता की जय' और 'जब तक सूरज-चांद रहेगा, मुकेश तुम्हारा नाम रहेगा' के गगनभेदी नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
परिजनों और सीआरपीएफ अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, जम्मू-कश्मीर में तैनात हेड कांस्टेबल मुकेश कुमार अपने गांव से छुट्टी बिताकर वापस ड्यूटी पर लौट रहे थे। दिल्ली स्थित सीआरपीएफ ट्रांजिट कैंप/पेंजर कैंप में प्रवास के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां हृदयघात (हार्ट अटैक) के कारण उनका असमय निधन हो गया।
सीआरपीएफ की 185वीं बटालियन और ग्रुप सेंटर मोकामा घाट की 14 सदस्यीय टीम जवान के पार्थिव शरीर को लेकर पोखरिया गांव पहुंची। इंस्पेक्टर रमाधार सिंह के नेतृत्व में आई जवानों की टुकड़ी और स्थानीय थाने के एसआई मनोज सिंह ने दिवंगत जवान को गार्ड ऑफ ऑनर देकर सैन्य और राजकीय सम्मान के साथ श्रद्धांजलि अर्पित की। पूर्व सैनिक सह समाजसेवी पंकज कुमार सिंह ने भी पुष्पांजलि अर्पित कर मुकेश कुमार के असमय निधन को क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
पार्थिव शरीर गांव पहुंचते ही जवान के घर में कोहराम मच गया। मृतक जवान अपने पीछे पत्नी विभा देवी, बेटा प्रत्युष और बेटी प्राकृतिक को छोड़ गए हैं। बिलखती पत्नी और मासूम बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल था, जिसे देख मौके पर मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं। पूरा गांव इस दुख की घड़ी में शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाने में जुटा रहा।
बालमुकुन्द की रिपोर्ट