खतरे में पुलिसकर्मियों की जान! खरीक थाना बैरक की छत कभी भी बन सकती है काल

खरीक थाना बैरक - फोटो : news4nation

Bihar News :  नवगछिया पुलिस जिला के खरीक थाना स्थित पुलिस बैरक की स्थिति बेहद जर्जर हो चुकी है। बैरक की छत कई जगहों से फटकर दरारों में तब्दील हो गई है और छत के टुकड़े लगातार टूटकर गिर रहे हैं। ऐसे में यहां रहने वाले पुलिसकर्मियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जानकारी के अनुसार इस बैरक में लगभग 12 पुलिसकर्मी रहते हैं। उनका खाना-पीना, आराम करना और सोना सभी इसी बैरक में होता है। लेकिन छत की खराब स्थिति के कारण पुलिसकर्मी हर समय डर के साये में रहने को मजबूर हैं।


बताया जा रहा है कि दो दिन पूर्व छत का एक हिस्सा अचानक टूटकर नीचे गिर गया था। इस घटना में एक सिपाही घायल हो गया और उसके हाथ की उंगली कट गई। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ, लेकिन बैरक की मौजूदा हालत को देखते हुए भविष्य में किसी गंभीर दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।


स्थानीय सूत्रों के अनुसार बैरक की मरम्मत या नए भवन निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है। पुलिसकर्मियों ने जर्जर बैरक की तत्काल मरम्मत कराने तथा सुरक्षित आवासीय व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की है।

धीरज पाराशर की रिपोर्ट