Bihar News: 7 जून से पहले दौड़ेगी जिंदगी की रफ्तार! विक्रमशिला सेतु पर युद्ध स्तर पर काम तेज, डीएम ने संभाली कमान
Bihar News: उत्तर और दक्षिण बिहार को जोड़ने वाली विक्रमशिला सेतु पर चल रहे बेली ब्रिज निर्माण कार्य का आज जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने खुद मौके पर पहुंचकर जायजा लिया।...
Bihar News भागलपुर की सियासत, प्रशासन और आवाम की निगाहें इन दिनों जिस मुद्दे पर टिकी हैं, वह है विक्रमशिला सेतु की बहाली। उत्तर और दक्षिण बिहार को जोड़ने वाली इस अहम लाइफलाइन पर चल रहे बेली ब्रिज निर्माण कार्य का आज जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने खुद मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अफसरशाही में हलचल तेज दिखी और निर्माण एजेंसियों को साफ लफ्जों में हिदायत दी गई कि हर हाल में 7 जून 2026 से पहले पुल पर आवाजाही बहाल होनी चाहिए।
डीएम डॉ. नवल किशोर चौधरी ने सीमा सड़क संगठन और तकनीकी अधिकारियों के साथ पुल के हर हिस्से का मुआयना किया। उन्होंने बताया कि जो स्लैब पहले क्षतिग्रस्त हुआ था, उसकी जगह नया हिस्सा एक सप्ताह पहले ही सफलतापूर्वक लॉन्च कर दिया गया है। इतना ही नहीं, तकनीकी ऑडिट रिपोर्ट में जिन दो और हिस्सों को संवेदनशील माना गया था, वहां भी लॉन्चिंग का काम मुकम्मल हो चुका है।
अब सिर्फ अंतिम लॉन्चिंग का काम बाकी है, जिसे युद्धस्तर पर पूरा किया जा रहा है। प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर चौथे बेली ब्रिज के निर्माण का भी फैसला लिया है ताकि पुल को अतिरिक्त मजबूती मिल सके। डीएम ने साफ कहा कि सुरक्षा मानकों से किसी तरह का समझौता नहीं होगा, क्योंकि यह सिर्फ पुल नहीं बल्कि लाखों लोगों की जिंदगी और कारोबार की धड़कन है।
सीमा सड़क संगठन , पुल निर्माण निगम और विभागीय इंजीनियर दिन-रात मशक्कत में जुटे हैं। सचिव स्तर से लगातार मॉनिटरिंग हो रही है और हर अपडेट पर पैनी नजर रखी जा रही है। पुल तक पहुंचने वाले रास्तों का निर्माण, एंगल्स की तकनीकी जांच, कोटा केबिन की स्थापना, लाइनिंग-मार्किंग और सिंगल लेन मॉनिटरिंग जैसे काम तेजी से पूरे किए जा रहे हैं।भागलपुर की जनता को अब उम्मीद की किरण दिखाई देने लगी है। प्रशासन का दावा है कि तय वक्त से पहले पुल चालू कर लोगों को जाम और परेशानी से राहत दी जाएगी। अब देखना दिलचस्प होगा कि 7 जून से पहले विक्रमशिला सेतु पर जिंदगी की रफ्तार सचमुच लौट पाती है या नहीं।
रिपोर्ट- बालमुकुंद शर्मा