Bihar News: शादी की खुशियों पर संकट, बेटी की विदाई से पहले गैस के लिए दर-दर भटकती मां, प्रशासन से लगाई आस

Bihar News: भागलपुर से सामने आई यह खबर न सिर्फ सिस्टम की सुस्ती, बल्कि इंसानी जज़्बातों की कसौटी पर भी कई सवाल खड़े कर रही है। ...

बेटी की शादी से पहले गैस के लिए तरसती मां- फोटो : reporter

Bihar News:  भागलपुर से सामने आई यह खबर न सिर्फ सिस्टम की सुस्ती, बल्कि इंसानी जज़्बातों की कसौटी पर भी कई सवाल खड़े कर रही है। जहां एक ओर घर में शहनाई बजने की तैयारी होनी चाहिए, वहीं दूसरी ओर एक मां अपनी बेटी की शादी से पहले गैस सिलिंडर के लिए गुहार लगाने को मजबूर है।

अम्बई मारुफचक की रहने वाली सुनिता देवी इन दिनों अपनी बेटी की शादी की तैयारियों में जुटी हैं। 17 अप्रैल 2026 को बेटी की शादी तय है। घर में रिश्तेदारों की आवाजाही, हल्दी-मेहंदी की रस्में और खुशियों की रौनक होनी चाहिए थी, लेकिन इन सबके बीच एक बड़ी परेशानी ने पूरे माहौल को मायूसी में बदल दिया है।

सुनिता देवी के घर में घरेलू गैस कनेक्शन तो है, लेकिन शादी जैसे बड़े आयोजन के लिए यह नाकाफी साबित हो रहा है। उनका कहना है कि कम से कम चार कमर्शियल गैस सिलिंडर की जरूरत है, ताकि मेहमानों के लिए खाना बन सके। लेकिन एजेंसी की तरफ से गैस उपलब्ध नहीं होने की बात कह दी गई है।

एक मां की बेबसी उसके लफ्ज़ों में साफ झलकती है। वह कहती हैं कि शादी की तमाम तैयारियां पूरी हो चुकी हैं निमंत्रण बांटे जा चुके हैं, घर सज चुका है लेकिन अगर खाना ही नहीं बन पाया तो समाज में इज्जत पर सवाल खड़ा हो जाएगा। यही खौफ और फिक्र अब उनकी आंखों में साफ दिखाई दे रही है।

इस परेशानी को लेकर सुनिता देवी ने जिला प्रशासन का दरवाजा खटखटाया है। उन्होंने जिला पदाधिकारी और जिला आपूर्ति विभाग को आवेदन देकर शादी के लिए गैस सिलिंडर उपलब्ध कराने की मांग की है। जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुधीर कुमार ने कहा है कि महिला के आवेदन को आगे भेजा जाएगा और वरीय अधिकारियों के निर्देश के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

अब पूरा परिवार उम्मीद और इंतजार के बीच खड़ा है क्या प्रशासन वक्त रहते मदद करेगा, या एक मां को अपनी बेटी की सबसे बड़ी खुशी के दिन भी परेशानी का सामना करना पड़ेगा? यह सवाल सिर्फ एक परिवार का नहीं, बल्कि पूरे सिस्टम की संवेदनशीलता की परीक्षा बन चुका है।

रिपोर्ट- अंजनी कुमार कश्यप