करंट की चपेट में आने से महिला की मौत, घर में खाना बनाते समय हुआ हादसा
Bhagalpur : जिले के इस्माइलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत छोटी पर्वत गांव में एक दर्दनाक हादसे में महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान बेबी जायसवाल, पति चंचल जायसवाल के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बेबी जायसवाल अपने घर में खाना बना रही थीं। शाम का समय होने के कारण घर में अंधेरा हो गया था। इसी दौरान वह लाइट जलाने के लिए स्विच ऑन करने गईं। बताया जा रहा है कि स्विच में करंट आ रहा था, जैसे ही उन्होंने उसे छुआ, उन्हें जोरदार बिजली का झटका लगा। करंट लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ीं।
घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई।आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है।
बताया जा रहा है कि मृतका के पीछे दो छोटे बेटे और एक बेटी हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों के अनुसार, घर की बिजली व्यवस्था में पहले से ही गड़बड़ी थी, जिससे यह हादसा हुआ।
फिलहाल पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है और मामले की जांच की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर से बिजली सुरक्षा को लेकर लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
भागलपुर से बालमुकुंद