बक्सर में अवैध बूचड़खानों पर चला प्रशासन का चाबुक: विश्वामित्र सेना ने कार्रवाई का किया स्वागत, जिला प्रशासन और सरकार का जताया आभार
बक्सर जिले में अवैध रूप से संचालित किए जा रहे बूचड़खानों के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी और सख्त कार्रवाई की है। इधर प्रशासन की इस कार्रवाई का विश्वामित्र सेना ने स्वागत करते हुए प्रशासन का आभार जताया है....
Buxar : जिले के सरिमपुर एवं खलासी मोहल्ला क्षेत्रों में अवैध रूप से संचालित किए जा रहे बूचड़खानों के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी और सख्त कार्रवाई की है। इस विशेष अभियान के दौरान पुलिस और प्रशासनिक टीम ने कई लोगों को गिरफ्तार किया है तथा मौके से भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्रियां बरामद की हैं। इस कार्रवाई के बाद से गैर-कानूनी गतिविधियों में शामिल असमाजिक तत्वों में हड़कंप मचा हुआ है।
विश्वामित्र सेना ने जिला प्रशासन और बिहार सरकार का जताया आभार
अवैध बूचड़खानों पर हुई इस त्वरित कार्रवाई का विश्वामित्र सेना ने खुलकर स्वागत किया है। संगठन ने बिहार सरकार, मुख्यमंत्री और बक्सर जिला प्रशासन के प्रति धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि धार्मिक आस्था और जनभावनाओं का सम्मान करते हुए उठाया गया यह कदम अत्यंत सराहनीय है। विश्वामित्र सेना ने स्पष्ट किया कि कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के कठोरता से निपटा जाना चाहिए।
राजकुमार चौबे बोले- 'हमने पहले ही मुख्यमंत्री और डीएम को भेजा था ज्ञापन'
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए विश्वामित्र सेना के राष्ट्रीय संयोजक राजकुमार चौबे ने कहा कि संगठन ने इस मुद्दे को पहले ही शासन और प्रशासन के सामने प्रमुखता से उठाया था। आगामी सनातन पर्वों और बक्सर की पौराणिक-धार्मिक पहचान को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री को ई-मेल और जिलाधिकारी को लिखित ज्ञापन सौंपकर खुले में मांस-मछली की बिक्री व अवैध बूचड़खानों पर तुरंत प्रतिबंध लगाने की मांग की गई थी।
सनातन पर्वों और सामाजिक सौहार्द की रक्षा के लिए अभियान रहेगा जारी
राजकुमार चौबे ने आगे कहा कि विश्वामित्र सेना पिछले कई वर्षों से बक्सर समेत पूरे बिहार में खुले में मांस बिक्री के खिलाफ निरंतर अभियान चला रही है। उन्होंने याद दिलाया कि पिछले वर्ष भी तत्कालीन उपमुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रशासन ने इस पर रोक लगाई थी। उन्होंने मांग की है कि इस अवैध धंधे में शामिल सभी मुख्य सरगनाओं की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि सामाजिक सौहार्द बना रहे।
अवैध गतिविधियों पर बिना भेदभाव निष्पक्ष व सख्त कार्रवाई जारी रखने की मांग
संगठन ने प्रशासन से अपील की है कि सनातन पर्वों के दौरान श्रद्धालुओं की आस्था को ठेस पहुँचाने वाली गतिविधियों पर इसी प्रकार निष्पक्ष और सख्त निगरानी रखी जाए। विश्वामित्र सेना ने दोहराया कि बक्सर की पावन भूमि की गरिमा की रक्षा के लिए उनका संगठन आगे भी शांतिपूर्ण एवं संवैधानिक तरीके से आवाज उठाता रहेगा और कानून का पालन कराने में प्रशासन का सहयोग करेगा।
रोहित की रिपोर्ट