स्वतंत्रता दिवस को लेकर बक्सर में प्रशासन अलर्ट : किला मैदान से रेलवे स्टेशन तक सुरक्षा कड़ी, 15 अगस्त को बदलेगी शहर की यातायात व्यवस्था

स्वतंत्रता दिवस को लेकर बक्सर में प्रशासन अलर्ट- फोटो : संदीप वर्मा

Buxar : स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर बक्सर में तैयारियां अपने अंतिम चरण में पहुँच गई हैं। 13 अगस्त को पूर्वाह्न करीब 8:45 बजे बक्सर की जिलाधिकारी (DM) साहिला और पुलिस अधीक्षक (SP) शुभम आर्य ने संयुक्त रूप से ऐतिहासिक किला मैदान पहुँचकर तैयारियों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने स्वतंत्रता दिवस परेड के पूर्वाभ्यास का जायजा लिया और विभिन्न टुकड़ियों की मार्च-पास्ट, ड्रेस कोड, अनुशासन व आपसी समन्वय की समीक्षा की। डीएम ने सभी व्यवस्थाओं (मंच निर्माण, बैरिकेडिंग, दर्शक दीर्घा, पेयजल, विद्युत और ध्वनि प्रणाली) को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने का निर्देश दिया।


15 अगस्त को सुबह बजे से बदलेगी शहर की ट्रैफिक व्यवस्था

15 अगस्त को किला मैदान में मुख्य समारोह के दौरान शहर में यातायात सुचारू रखने के लिए पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय ने रूट चार्ट जारी किया है। 15 अगस्त को सुबह 4:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक शहर में वाहनों के प्रवेश पर आंशिक/पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। थाना चौक से नाथ बाबा पुल तक सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।

चारपहियाई-रिक्शाऑटो और बसों के लिए निर्धारित रूट:

  • रूट 1: गोलंबर → बाईपास → ज्योति चौक → ITI रोड → मठिया मोड़ → दानी कुटिया।
  • रूट 2: गोलंबर → बाईपास → ज्योति चौक → अंबेडकर चौक → स्टेशन।
  • रूट 3: गोलंबर → बाईपास → ज्योति चौक → पुलिस चौकी।
  • रूट 4: गोलंबर → बाईपास → ज्योति चौक → अंबेडकर चौक → पाण्डेय पट्टी गुमटी → स्कामिनी माता मंदिर → DAV मोड़ → इटाढ़ी रोड।


शहर में बड़े वाहनों की नो-एंट्री और पार्किंग स्थल तय

15 अगस्त को सुबह 4:00 बजे से रात 10:00 बजे तक बक्सर शहर के भीतर भारी व बड़े वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक (नो-एंट्री) रहेगी, हालांकि एम्बुलेंस और आपातकालीन सेवाओं को इससे छूट दी गई है। समारोह में आने वाले आम लोगों के वाहनों के लिए किला मैदान के उत्तरी हिस्से, बाजार समिति और सिंडिकेट के पास पार्किंग बनाई गई है, जबकि किला मैदान का पश्चिमी हिस्सा केवल सरकारी वाहनों के लिए आरक्षित रहेगा।


रेलवे स्टेशन पर RPF का सघन चेकिंग अभियान

सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के उद्देश्य से बक्सर रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ (RPF) निरीक्षक प्रभारी कुंदन कुमार के नेतृत्व में विशेष सुरक्षा जांच अभियान चलाया गया। आरपीएफ की टीम ने प्लेटफॉर्म, फुट ओवरब्रिज, प्रतीक्षालय, सर्कुलेटिंग एरिया और पार्किंग स्थल पर डॉग स्क्वॉड व मेटल डिटेक्टर की मदद से सघन जांच की। पूरे स्टेशन परिसर पर सीसीटीवी (CCTV) कैमरों से चौबीसों घंटे निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन ने स्टेशन जाने वाले यात्रियों से टिकट साथ रखने और सुरक्षा में सहयोग करने की अपील की है।


संदीप की रिपोर्ट