Bihar News : नवरात्रि और धार्मिक पर्वों को लेकर विश्वामित्र सेना ने की मांग, बक्सर में खुले में मांस-मछली की बिक्री पर लगे प्रतिबंध

Bihar News : शारदीय नवरात्रि एवं आगामी हिन्दू धार्मिक पर्वों को देखते हुए विश्वामित्र सेना, बक्सर ने धार्मिक नगर बक्सर में खुले में मांस-मछली की बिक्री पर पूर्णतः प्रतिबंध लगाने की मांग की है।

मांस-मछली की बिक्री पर प्रतिबंध- फोटो : SOCIAL MEDIA

BUXAR : शारदीय नवरात्रि एवं आगामी धार्मिक पर्वों के मद्देनजर विश्वामित्र सेना ने बक्सर नगर क्षेत्र में खुले में मांस-मछली की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग उठाई है। इस संदर्भ में संगठन के प्रतिनिधियों ने अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ), बक्सर को एक औपचारिक पत्र सौंपकर जनभावनाओं के अनुरूप तत्काल आवश्यक कदम उठाने की अपील की है।

विश्वामित्र सेना ने अपने ज्ञापन में कहा कि बक्सर एक ऐतिहासिक और पवित्र धार्मिक नगरी है, जहां नवरात्रि और अन्य आगामी त्योहारों के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल होते हैं। ऐसे पावन अवसरों पर श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं, स्वच्छता और सामाजिक सौहार्द को बनाए रखने के लिए खुले में मांस-मछली की खरीद-बिक्री पर रोक लगाना अत्यंत आवश्यक है।

संगठन ने स्थानीय प्रशासन से आग्रह किया है कि बिहार सरकार द्वारा पूर्व में जारी संबंधित दिशानिर्देशों और आदेशों के आलोक में बक्सर नगर परिषद क्षेत्र में खुले में मांस-मछली बेचने पर रोक का स्पष्ट आदेश जारी किया जाए। इसके साथ ही, सरकारी आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की गई है।

प्रशासन से यह भी अनुरोध किया गया है कि पर्व-त्योहारों के पूरे सीजन के दौरान बक्सर शहर में प्रभावी निगरानी रखी जाए और दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन कराया जाए। विश्वामित्र सेना का कहना है कि खुले में इस प्रकार की बिक्री से धार्मिक माहौल प्रभावित होता है, इसलिए प्रशासन को समय रहते उचित कदम उठाने चाहिए। विश्वामित्र सेना ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन जनआस्था और नगर की पवित्रता को सर्वोपरि रखते हुए जल्द ही इस विषय पर ठोस और सकारात्मक निर्णय लेगा। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते कोई प्रभावी व्यवस्था नहीं की गई, तो धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचेगी, जिसके लिए आवश्यक प्रशासनिक कदम उठाना बेहद जरूरी है।