Bride dead body found - जिस घर से उठनी थी दुल्हन की डोली, वहां बोरे में मिला शव; 5 दिन से लापता थी युवती

बक्सर के चक्की थाना क्षेत्र से जुड़ी एक हृदयविदारक घटना है। यहां होनेवाली दुल्हन शादी से कुछ दिन पहले अचानक लापता हो गई। परिवार के लोग तलाश कर रहे थे, इसी बीच बोरियों में बंद उसकी लाश बरामद की गई। जिसके बाद परिवार में मातम पसर गया

Buxar - बिहार के बक्सर जिले के चक्की थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। घर में शादी की शहनाइयां बजने वाली थीं और तैयारियों का शोर था, लेकिन उससे पहले ही होने वाली दुल्हन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान 18 वर्षीय सुनीता कुमारी के रूप में हुई है, जिसका शव गांव के ही सरकारी स्कूल के पीछे एक बोरे में बंद मिला। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। 

5 दिन पहले चीनी लेने निकली थी घर से

घटना चुन्नी डेरा, चक्की गांव की है। बालेश्वर यादव की पुत्री सुनीता 16 फरवरी की शाम घर से पास की दुकान पर चीनी लेने निकली थी। परिजनों के अनुसार, वह काफी देर तक वापस नहीं लौटी तो उसकी तलाश शुरू की गई, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। पांच दिनों के इंतजार के बाद, गांव के स्कूल के पीछे एक गड्ढे में रखे बोरे से उठती दुर्गंध ने ग्रामीणों का ध्यान खींचा, जिसके बाद युवती का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। 

अप्रैल में होना था तिलक, सदमे में परिवार

मृतका की मां ने बिलखते हुए बताया कि सुनीता की शादी तय हो चुकी थी और 4 अप्रैल को उसका तिलक होना था। घर में शादी की साड़ियां और गहने आ चुके थे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। पिता बालेश्वर यादव, जो आसनसोल में दूध का कारोबार करते हैं, उन्हें इस अनहोनी की सूचना दी गई है। जिस बेटी को लाल जोड़े में विदा करने का सपना परिवार देख रहा था, उसका शव देखकर कोहराम मच गया है। 

प्रेम प्रसंग और 'ऑनर किलिंग' की आशंका

गांव में इस मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, युवती का गांव के ही एक युवक के साथ प्रेम संबंध था, जिसे लेकर परिवार में तनाव की बात कही जा रही है। कुछ लोग इसे 'ऑनर किलिंग' (इज्जत की खातिर हत्या) का मामला मान रहे हैं। हालांकि, पुलिस अभी किसी भी नतीजे पर पहुंचने से बच रही है और गहनता से जांच कर रही है कि क्या यह हत्या किसी रंजिश का परिणाम है या कुछ और। 

पुलिस जांच और पोस्टमार्टम का इंतज़ार

एसपी शुभम आर्य ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है और शव करीब पांच दिन पुराना लग रहा है। एफएसएल (FSL) की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और मृतका के कमरे की भी जांच की गई है। पुलिस कॉल डिटेल्स और परिजनों के बयानों के आधार पर कड़ियां जोड़ने में जुटी है।