बक्सर में खौफनाक वारदात: मामूली कहासुनी में बड़े भाई ने छोटे भाई को उतारा मौत के घाट, आरोपी फरार

क्सर के सोनवर्षा थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के चलते बड़े भाई ने छोटे भाई अमित शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी चंदन शर्मा फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

बक्सर में पारिवारिक विवाद बना खूनी, बड़े भाई ने छोटे भाई को गोली मारकर की हत्या- फोटो : Reporter

बक्सर जिले के सोनवर्षा थाना क्षेत्र के मणियां गांव में पारिवारिक विवाद के चलते एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ मामूली कहासुनी के बाद बड़े भाई ने अपने ही छोटे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। सगे भाई द्वारा भाई की इस निर्मम हत्या से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।


मणियां गांव निवासी 33 वर्षीय अमित शर्मा की घटनास्थल पर ही मौत

मृतक की पहचान मणियां गांव निवासी कन्हैया शर्मा के 33 वर्षीय पुत्र अमित शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार की सुबह किसी पारिवारिक बात को लेकर अमित और उसके बड़े भाई चंदन शर्मा के बीच विवाद शुरू हुआ था। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि आरोपी चंदन ने देशी कट्टा निकालकर अमित के जबड़े के नीचे गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।


पुणे में सेंट्रिंग ठेकेदारी करने वाले दोनों भाइयों में हुआ था खूनी संघर्ष

बताया जाता है कि मृतक अमित और आरोपी चंदन दोनों पुणे में एक साथ रहकर सेंट्रिंग की ठेकेदारी का काम करते थे। रोजी-रोटी के सिलसिले में बाहर साथ रहने वाले इन दोनों सगे भाइयों के बीच आखिर ऐसा कौन सा गंभीर विवाद हुआ, जिसने कुछ ही पलों में खूनी रूप ले लिया और बात हत्या तक जा पहुंची, इसकी असली वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।


वारदात के बाद हथियार छोड़कर फरार हुआ आरोपी, पुलिस ने शुरू की छापेमारी

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी चंदन शर्मा मौके से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, वह हत्या में इस्तेमाल किए गए देशी कट्टे को एक झोपड़ी के ऊपर फेंककर भागा है। घटना की सूचना मिलते ही सोनवर्षा थाने की पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।


एसडीपीओ ने लिया जायजा, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित

घटना की गंभीरता को देखते हुए डुमरांव एसडीपीओ भास्कर रंजन भी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे और घटनास्थल का बारीकी से जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों ने हत्या की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस सभी संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है और आपसी विवाद की हर एक कड़ी की गहराई से जांच की जा रही है।