Bihar Crime: बक्सर स्टेशन पर चांदी के गहने बरामद, पश्चिम बंगाल की रहने वाली दो महिलाएं गिरफ्तार

Bihar Crime: बिहार के बक्सर रेलवे स्टेशन पर रेल यात्रियों के सामान की चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेल पुलिस को अहम कामयाबी मिली है।

संदिग्ध हालत में महिलाएं- फोटो : SANDIP

Buxar:  रेलवे स्टेशन पर रेल यात्रियों के सामान की चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेल पुलिस  को अहम कामयाबी मिली है। संयुक्त टीम ने प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर गश्त के दौरान दो महिलाओं को गिरफ्तार किया। तलाशी में उनके पास से चांदी की एक जोड़ी पायल और तीन जोड़ी बिछिया बरामद हुईं। इन आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों महिलाओं पर कोलकाता से आ रही ट्रेन में एक यात्री के बैग से गहने चोरी करने का आरोप है।

RPF पोस्ट बक्सर की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 27 अक्टूबर 2026 को शाम करीब 7:30 बजे RPF और GRP की संयुक्त टीम स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-3 पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान वेटिंग हॉल के समीप दोनों महिलाएं संदिग्ध परिस्थितियों में दिखाई दीं। टीम ने उन्हें रोककर नियमानुसार तलाशी ली। इस दौरान कपड़े की एक पोटली से चांदी के आभूषण बरामद किए गए।पुलिस का कहना है कि शुरुआती पूछताछ में महिलाओं ने कथित तौर पर ट्रेन में यात्री के बैग से गहने चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए GRP बक्सर को सौंप दिया गया।

पुलिस के जारी विवरण के मुताबिक, गिरफ्तार महिलाओं की पहचान पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के बांडेल निवासी लक्ष्मी पासी (48 वर्ष), पति गणेश पासी, और बराकर निवासी पूजा पासी  पति अजय पासी, के रूप में हुई है। लक्ष्मी पासी का थाना क्षेत्र पी.पी. हुगली, जबकि पूजा पासी का थाना क्षेत्र कुल्टी बताया गया है।प्रेस विज्ञप्ति में यह भी उल्लेख है कि दोनों में से एक महिला पहले भी हुगली पीपी में कई बार जेल जा चुकी है। हालांकि, इसमें यह स्पष्ट नहीं किया गया कि पूर्व में जेल जाने का उल्लेख किस महिला के संबंध में है।

संयुक्त टीम ने एक जोड़ी चांदी की पायल और तीन जोड़ी बिछिया बरामद की हैं। कार्रवाई में ASI योगेंद्र सिंह, HC ब्रजेश राय, CT डी. के. सिंह और GRP के LCT प्रेम प्रकाश शामिल थे।रेलवे पुलिस ने यात्रियों से सफर के दौरान अपने बैग, आभूषण और अन्य कीमती सामान की हिफाजत करने की अपील की है। किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत RPF या GRP को सूचित करने की सलाह दी गई है।

संदीप की रिपोर्ट