Bihar News : बक्सर के खनिता में महावीरी पूजा महोत्सव की धूम, लंगड़ा ब्यास और बूढ़ा ब्यास के दुगोला मुकाबले ने बांधा समां

Bihar News : बिहार की समृद्ध लोकसंस्कृति, पारंपरिक गायकी और धार्मिक आस्था का अनूठा संगम इटाढ़ी प्रखंड के खनिता गांव में देखने को मिला......पढ़िए आगे

लंगड़ा ब्यास और बूढ़ा ब्यास ने बांधा समां- फोटो : SANDIP

BUXAR : बिहार की समृद्ध लोकसंस्कृति, पारंपरिक गायकी और धार्मिक आस्था का अनूठा संगम इटाढ़ी प्रखंड के खनिता गांव में देखने को मिला। महावीरी पूजा महोत्सव के अवसर पर आयोजित भव्य दुगोला प्रतियोगिता में लोकगीतों और भक्ति संगीत के सुर देर तक गूंजते रहे। प्रसिद्ध लोकगायक अरविंद सिंह अभियंता ‘लंगड़ा ब्यास’ और बूढ़ा ब्यास के बीच हुए गायन मुकाबले ने दर्शकों को बांधे रखा। दोनों कलाकारों की प्रस्तुतियों पर श्रोताओं ने जमकर उत्साह दिखाया। कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व मंत्री एवं राजपुर के वर्तमान विधायक संतोष निराला ने फीता काटकर किया। उद्घाटन के बाद उन्होंने कहा कि खनिता गांव में वर्षों से इस सांस्कृतिक आयोजन की परंपरा चली आ रही है और वह भी लंबे समय से इसमें शामिल होते रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण समाज की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने के साथ लोककलाओं और पारंपरिक संगीत की विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाते हैं। इससे समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकजुटता को भी बढ़ावा मिलता है।

निधू राय की भजन प्रस्तुति बनी आकर्षण का केंद्र

महोत्सव का प्रमुख आकर्षण विधायक सरजू राय की बहू एवं पूर्व मुखिया निधू राय की भजन प्रस्तुति रही। उन्होंने अपनी मधुर आवाज में भजन प्रस्तुत कर कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों और श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। उनकी प्रस्तुति के दौरान माहौल भक्तिमय हो उठा और उपस्थित लोगों ने उनकी गायकी की सराहना की। धार्मिक आस्था और संगीत के इस संगम ने महोत्सव की रौनक को और बढ़ा दिया।

लोकसंस्कृति के संरक्षण का संदेश

कार्यक्रम के आयोजक एवं मुख्य कर्ताधर्ता संतोष राय ने कहा कि महावीरी पूजा जैसे आयोजन गांव की सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के साथ लोगों के बीच मेलजोल और उत्साह का वातावरण तैयार करते हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण लोककला और पारंपरिक आयोजनों का संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी है। वह ग्रामवासियों की खुशियों में सहभागी बनने और उनके सुख-दुख में साथ खड़े रहने के लिए समर्पित हैं।

अतिथियों का हुआ स्वागत और अभिनंदन

कार्यक्रम के दौरान नीतीश राय, जय प्रकाश राय, प्रवीर रंजन राय, शिव जी पासवान, पप्पू राय और अमित कुमार ने आगत अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। आयोजन में ग्रामीणों और संगीत प्रेमियों की बड़ी भागीदारी रही। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्सव और उल्लास का माहौल बना रहा। महावीरी पूजा महोत्सव के तहत आयोजित इस दुगोला मुकाबले ने एक बार फिर ग्रामीण अंचल में पारंपरिक लोकगायन की लोकप्रियता को रेखांकित किया। भक्ति, लोकसंगीत और सामाजिक सहभागिता से सजे इस आयोजन ने खनिता गांव की सांस्कृतिक परंपरा को नई ऊर्जा देने का संदेश दिया। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में ग्रामीणों, लोकसंगीत प्रेमियों और श्रद्धालुओं की मौजूदगी रही। लंगड़ा ब्यास और बूढ़ा ब्यास के बीच हुए दुगोला मुकाबले को सुनने के लिए लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। भक्ति गीतों और पारंपरिक लोकगायन की प्रस्तुतियों ने देर रात तक समां बांधे रखा।

संदीप की रिपोर्ट