Bihar News : बक्सर के अहिरौली मोड़ पर कांवरियों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच व एम्बुलेंस सेवा शुरू, संघ प्रांत कार्यवाह ने किया उद्घाटन
Bihar News : 'विश्वामित्र सेना' द्वारा बक्सर में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, कांवरिया सेवा केंद्र एवं आपातकालीन एम्बुलेंस सेवा का भव्य शुभारंभ किया गया....पढ़िए आगे
BUXAR : श्रावण मास की पावन कांवर यात्रा के दौरान शिवभक्त कांवरियों की सुविधा और स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बक्सर के अहिरौली मोड़ स्थित विश्वामित्र सेना द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, कांवरिया सेवा एवं एम्बुलेंस सेवा का शुभारंभ किया गया। शिविर का उद्घाटन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के दक्षिण बिहार प्रांत कार्यवाह राजेंद्र प्रसाद, जिला प्रचारक अभिषेक भारती तथा विश्वामित्र सेना के सनातनी कार्यकर्ताओं ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर विश्वामित्र सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चौबे ने कहा कि "कांवर यात्रियों की सेवा ही सच्ची सनातनी सेवा है।" उन्होंने कहा कि भगवान भोलेनाथ के भक्तों की सेवा करना भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का अभिन्न हिस्सा है। विश्वामित्र सेना समाज सेवा और राष्ट्र सेवा के संकल्प के साथ लगातार जनहित के कार्य कर रही है।
निःशुल्क स्वास्थ्य जांच और चिकित्सा परामर्श
शिविर में जिला चिकित्सा टीम द्वारा श्रद्धालु कांवरियों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। चिकित्सा टीम में डॉ. प्रियंका कुमारी, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी सुनीता कुमारी तथा प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक प्रिंस सिंह शामिल रहे। टीम ने सैकड़ों कांवरियों का रक्तचाप (बीपी), शुगर सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य जांच कर चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया।
एम्बुलेंस सेवा भी रही उपलब्ध
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और आपातकालीन जरूरतों को देखते हुए शिविर में पूरे समय एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध कराई गई। आयोजकों के अनुसार, आवश्यकता पड़ने पर तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की पूरी व्यवस्था की गई है।
इन कार्यकर्ताओं का रहा महत्वपूर्ण योगदान
कार्यक्रम को सफल बनाने में विश्वामित्र सेना के अशोक उपाध्याय, रवि राज, बच्चन चौबे, गोवर्धन चौबे, अर्जुन तिवारी, टिशू कुमार, रविकांत कुशवाहा, बलराम मिश्रा, दीप नारायण चौबे, चंदन पाठक और ऋषिकेश पांडे सहित अनेक सनातनी कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई। विश्वामित्र सेना ने बताया कि श्रावण मास के दौरान यह सेवा शिविर लगातार संचालित रहेगा, ताकि कांवर यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य, सुरक्षा और आवश्यक सेवाएं सहज रूप से उपलब्ध कराई जा सकें।