Chhath Puja 2026: बक्सर जेल में गूंजेंगे छठी मैया के गीत, 9 बंदी रखेंगी महापर्व का व्रत, जेल प्रशासन ने शुरू की तैयारी

Chhath Puja 2026: लोक आस्था के महापर्व छठ की महिमा ऐसी है कि इसकी भक्ति के आगे जेल की ऊंची दीवारें और सलाखें भी आड़े नहीं आतीं।...

बक्सर जेल में गूंजेंगे छठी मैया के गीत- फोटो : reporter

Chhath Puja 2026: लोक आस्था के महापर्व छठ की महिमा ऐसी है कि इसकी भक्ति के आगे जेल की ऊंची दीवारें और सलाखें भी आड़े नहीं आतीं। ...बाहर जहां घरों से लेकर गंगा घाटों तक छठी मैया के गीत गूंज रहे हैं, वहीं बक्सर जेल परिसर में भी इस बार आस्था और भक्ति का अनूठा नजारा देखने को मिलेगा। कारागार की चारदीवारी के भीतर नौ बंदी भगवान सूर्य की उपासना करेंगी और पूरे विधि-विधान से चार दिवसीय छठ महापर्व का अनुष्ठान संपन्न करेंगी।इस वर्ष बक्सर सेंट्रल जेल की आठ और महिला जेल की एक बंदी छठ का व्रत रखेंगी। बंदियों की धार्मिक आस्था को देखते हुए जेल प्रशासन ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं। पूजा में किसी तरह की बाधा नहीं आए, इसके लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। वहीं, जेल परिसर में बने छठ घाट की साफ-सफाई, मरम्मत और अन्य जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं।

सेंट्रल जेल की छह सजायाफ्ता और दो विचाराधीन बंदी रखेंगी व्रत

सेंट्रल जेल अधीक्षक ज्ञानिता गौरव ने बताया कि इस बार केंद्रीय कारागार में कुल आठ बंदी छठ महापर्व का व्रत करेंगी। इनमें छह सजायाफ्ता और दो विचाराधीन बंदी शामिल हैं। सभी व्रतियों में पर्व को लेकर उत्साह है। जेल प्रशासन की ओर से पूजा की आवश्यक सामग्री और दूसरी सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं। छठ घाट को भी दुरुस्त कराया जा रहा है, ताकि व्रतियों को पूजा के दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं हो।

महिला जेल में भी होगी छठी मैया की आराधना

छठ की आस्था महिला जेल तक भी पहुंचेगी। ओपन जेल अधीक्षक बबिता कुमारी के मुताबिक, महिला जेल में एक बंदी इस बार छठ का कठिन व्रत रखेंगी। उनके लिए भी पूजा सामग्री और जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है। जेल प्रशासन का प्रयास है कि महिला बंदी पूरी श्रद्धा और शुद्धता के साथ इस महापर्व का अनुष्ठान कर सकें।

जेल की चारदीवारी में आस्था और उम्मीद का संगम

बक्सर जेल में छठ की यह तैयारी केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि बंदियों की भावनाओं और सामाजिक-सांस्कृतिक जुड़ाव का भी प्रतीक है। अपराध के आरोप या सजा के कारण भले ही कोई व्यक्ति अपनों से दूर हो जाए, लेकिन उसकी आस्था और परंपराओं से जुड़ाव खत्म नहीं होता। ऐसे आयोजन बंदियों को अपनी संस्कृति से जुड़े रहने और सकारात्मक जीवन की ओर प्रेरित करने का अवसर देते हैं।

13 नवंबर से शुरू होगा चार दिवसीय अनुष्ठान

चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय से होगी। 14 नवंबर को खरना का अनुष्ठान संपन्न होगा। इसके बाद व्रती 36 घंटे के निर्जला उपवास का संकल्प लेंगी। 15 नवंबर की शाम अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य दिया जाएगा, जबकि 16 नवंबर की सुबह उदीयमान सूर्य को दूसरा अर्घ्य अर्पित करने के साथ महापर्व का समापन होगा।

बहरहाल, बक्सर जेल परिसर में तैयार हो रहा छठ घाट इस बार आस्था की एक अलग तस्वीर पेश करेगा। बाहर खुले आसमान के नीचे हजारों श्रद्धालु भगवान भास्कर को अर्घ्य देंगे, तो जेल की चारदीवारी के भीतर नौ बंदियों की श्रद्धा भी उसी सूर्य की उपासना में समर्पित होगी। यह दृश्य बताता है कि लोक आस्था का यह महापर्व किसी सीमा या परिस्थिति का मोहताज नहीं है।

रिपोर्ट- संदीप वर्मा