Bihar News : मिठाई बनी मुसीबत! बक्सर में एक ही परिवार के नौ लोगों की बिगड़ी तबीयत, प्रशासन ने मिष्ठान भंडार किया सील
Bihar News : जिले के कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र अंतर्गत अरियांव गांव में मिठाई खाने के बाद एक ही परिवार के नौ लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई।
BUXAR : जिले के कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के अरियांव गांव में मिठाई खाने के बाद एक ही परिवार के नौ लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ने से हड़कंप मच गया। उल्टी और दस्त की शिकायत के बाद सभी को गुरुवार को डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। फिलहाल सभी मरीजों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है। बताया जाता है कि अरियांव निवासी धनेश्वर सिंह बुधवार की शाम डुमरांव के प्रजापति मिष्ठान भंडार से करीब दो किलो मिठाई खरीदकर घर ले गए थे। इनमें लगभग एक किलो क्रीम वाली मिठाई और एक किलो काला जामुन शामिल था। परिवार के एक रिश्तेदार के घर पुत्र जन्म होने की खुशी में यह मिठाई खरीदी गई थी। घर पहुंचने के बाद मिठाई रिश्तेदारों और आसपास के लोगों में भी बांटी गई। जानकारी के अनुसार धनेश्वर सिंह की बुआ के बड़े पुत्र संदीप कुमार सिंह, जो रामगढ़ के इमिलिया निवासी बताए जाते हैं, के घर बेटे का जन्म हुआ था। इसी खुशी में परिवार की ओर से मिठाई बांटी गई थी। गुरुवार को धनेश्वर सिंह की मां गिरजा देवी ने भी मिठाई कई रिश्तेदारों और पड़ोसियों को दी। मिठाई खाने के कुछ समय बाद लोगों को उल्टी और दस्त की शिकायत शुरू हो गई। एक के बाद एक कई लोगों की तबीयत बिगड़ने पर परिजनों में अफरातफरी मच गई और सभी को इलाज के लिए डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया। बीमार पड़ने वालों में अंजलि सिंह, प्रियंका सिंह, रेयांश, प्रीति सिंह, अनिल कुमार सिंह, प्रीति कुमारी, गीता देवी, लालबाबू सिंह और रीना देवी शामिल हैं। अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने सभी का प्राथमिक उपचार शुरू किया और उनकी स्थिति पर नजर रखी गई।
अस्पताल पहुंचे एसडीएम और डीसीएलआर, इलाज की ली जानकारी
घटना की सूचना मिलने के बाद डुमरांव के एसडीएम राजीव कुमार और डीसीएलआर टेश लाल सिंह अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली। इसके साथ ही चिकित्सकों से मरीजों की स्थिति और अब तक किए गए उपचार के संबंध में जानकारी प्राप्त की। एसडीएम ने संभावित फूड पॉइजनिंग के कारणों की जांच के लिए मरीजों के आवश्यक रक्त नमूने लेने और उनकी जांच कराने का निर्देश दिया। इस दौरान अस्पताल में लैब टेक्नीशियन के उपलब्ध नहीं होने की बात सामने आने पर एसडीएम ने नाराजगी जताई। अस्पताल प्रशासन की ओर से अधिकारियों को बताया गया कि लैब टेक्नीशियन की निर्धारित ड्यूटी सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक है, जबकि मरीज दोपहर बाद अस्पताल पहुंचे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम ने तत्काल टेक्नीशियन को अस्पताल बुलाने का निर्देश दिया, जिसके बाद मरीजों के रक्त नमूने लेकर जांच की प्रक्रिया शुरू की गई।
मिठाई की दुकान पहुंचा प्रशासन, स्वच्छता व्यवस्था पर उठे सवाल
अस्पताल में मरीजों की स्थिति का जायजा लेने के बाद एसडीएम राजीव कुमार अधिकारियों के साथ उस मिष्ठान भंडार पहुंचे, जहां से मिठाई खरीदकर लाए जाने की बात सामने आई थी। प्रशासनिक टीम ने दुकान की व्यवस्था और मिठाई तैयार करने से संबंधित परिस्थितियों की जांच की। प्रशासन के अनुसार, निरीक्षण के दौरान दुकान में साफ-सफाई और खाद्य पदार्थों के रखरखाव से संबंधित व्यवस्थाओं में कमी पाई गई। इसके अलावा दुकान संचालक मौके पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) से संबंधित लाइसेंस भी प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मिठाई के नमूने सुरक्षित कर जांच के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की।
जांच रिपोर्ट आने तक मिष्ठान भंडार सील
एसडीएम ने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी राहुल धर दुबे को मिठाई का सैंपल लेने तथा उसे जांच के लिए पटना भेजने का निर्देश दिया। प्रशासन की ओर से मिठाई के नमूने जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट आने तक प्रजापति मिष्ठान भंडार को सील कर दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट से यह स्पष्ट होने में मदद मिलेगी कि मिठाई में किसी प्रकार की खराबी या खाद्य सुरक्षा से जुड़ी समस्या थी या नहीं। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दुकानदार ने भी रखी अपनी बात
वहीं, प्रजापति मिष्ठान भंडार के प्रोपराइटर राहुल प्रजापति ने बताया कि मिठाई खरीदने के दौरान ग्राहक ने उसका स्वाद चखा था। उन्होंने आशंका जताई कि संभव है कि मिठाई को खरीदने के बाद रातभर उचित तापमान या उचित तरीके से सुरक्षित नहीं रखा गया हो, जिससे उसके खराब होने की संभावना बनी हो।दुकानदार ने यह भी कहा कि लोगों की तबीयत खराब होने के पीछे केवल मिठाई ही कारण है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। किसी अन्य कारण की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता।
जांच रिपोर्ट तय करेगी असली वजह
एसडीएम राजीव कुमार ने बताया कि नौ लोगों में उल्टी और दस्त जैसी शिकायत सामने आई है। प्रारंभिक तौर पर फूड पॉइजनिंग जैसी स्थिति की आशंका व्यक्त की जा रही है और घटना को देखते हुए संबंधित मिष्ठान भंडार से मिठाई का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट आने तक दुकान को सील रखा गया है। रिपोर्ट में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अस्पताल में भर्ती मरीजों के इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं हो, इसके लिए चिकित्सकों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
संदीप की रिपोर्ट