धनतेरस और दीपावली पर बक्सर में बदलेगी ट्रैफिक व्यवस्था : 6 और 8 नवंबर को शहर में भारी वाहनों की नो-एंट्री, चप्पे-चप्पे पर रहेगी पुलिस की पैनी नजर

धनतेरस, दीपावली और महापर्व छठ को लेकर बक्सल प्रशासन ने अभी से तैयारी शुरु कर दी है। धनतेरश और दीपावल के दिन शहर में जाम की स्थिति से निपटने के लिए यातायता व्यवस्था में पर बदलाव किया है। दोनो दिन शहर में भारी वाहनों की नो इंट्री रहेगी....

धनतेरस और दीपावली पर बक्सर में बदलेगी ट्रैफिक व्यवस्था- फोटो : संदीप वर्मा

Buxar : धनतेरस, दीपावली एवं लोक आस्था के महापर्व छठ को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए बक्सर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. त्योहारों के दौरान बाजारों में उमड़ने वाली भारी भीड़, यातायात के दबाव और अपराध नियंत्रण को ध्यान में रखते हुए विशेष सुरक्षा एवं ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है. इसी क्रम में रविवार, 1 नवंबर 2026 को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के कार्यालय में अनुमंडल दंडाधिकारी की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें नगर थानाध्यक्ष, स्वर्ण व्यवसायियों और शांति समिति के सदस्यों के साथ सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई. 


6 और 8 नवंबर को दोपहर 12 बजे से अगले दिन सुबह 3 बजे तक बड़े वाहनों की नो-एंट्री 

प्रशासन द्वारा जारी नई यातायात व्यवस्था के तहत आगामी 6 नवंबर (धनतेरस) और 8 नवंबर (दीपावली) को शहर में विशेष ट्रैफिक प्रतिबंध लागू रहेंगे. इन दोनों अवसरों पर दोपहर 12 बजे से अगले दिन सुबह 3 बजे तक बक्सर शहर के अंदर सभी बड़े वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा, जिससे बाजारों में भीड़ नियंत्रित रहे और जाम की समस्या से बचा जा सके. 


प्रमुख मार्गों पर ड्रॉप गेट और 10 स्थानों पर पुलिस बल की होगी तैनाती 

त्योहारी भीड़ को देखते हुए शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों की प्रतिनियुक्ति की गई है. ज्योति चौक, नाथ बाबा मंदिर रोड, सिंडिकेट, मठिया मोहल्ला पुल, हनुमान फाटक, नगर परिषद कार्यालय रोड, मठिया मोड़, आईटीआई मोड़ और मुनिम चौक सहित कुल 10 स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी. इसके अलावा ई-रिक्शा और ऑटो के परिचालन के लिए भी अलग-अलग रूट निर्धारित किए गए हैं, ताकि आम नागरिकों की आवाजाही सुगम बनी रहे. 


छह स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था और स्वर्ण व्यवसायियों की सुरक्षा पर जोर 

शहर में अनियंत्रित पार्किंग और जाम की समस्या से निपटने के लिए सिंडिकेट, डीएवी एवं बुनियादी स्कूल, आईटीआई मैदान, रेलवे स्टेशन के पास, किला मैदान के पीछे और बाजार समिति समेत छह स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है. इसके साथ ही, धनतेरस और दीपावली के मद्देनजर स्वर्ण व्यवसायियों की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने को लेकर प्रशासन द्वारा विशेष निर्देश दिए गए हैं. 


संदीप की रिपोर्ट